सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, रिकॉर्ड हाई से 62 हजार रुपये सस्ता हुआ गोल्ड; जानें आगे क्या होगा?
सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है. फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आशंकाओं से कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है.
सोने और चांदी की कीमतों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 10 ग्राम सोने का भाव 3,200 रुपये यानी 2.38 प्रतिशत गिरकर 1,31,027 रुपये पर आ गया. वहीं, चांदी की कीमत 5,900 रुपये यानी 3.47 प्रतिशत टूटकर 1,63,818 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. आखिर सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट क्यों देखी जा रही है. आइए समझते हैं....
फेडरल रिजर्व की नीतियों से बढ़ी चिंता
कीमती धातुओं में यह गिरावट अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर सामने आई आशंकाओं के बीच आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेड दिसंबर की बैठक में ब्याज दरें बढ़ा सकता है. आगे भी दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है. ब्याज दरें ऊंची रहने से सोने और चांदी जैसे निवेश विकल्पों की मांग प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा, निवेशकों की नजर फेडरल रिजर्व से आने वाले नए अपडेट पर भी बनी हुई है.
सर्राफा बाजार में भी गिरे भाव
घरेलू सर्राफा बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 3,000 रुपये सस्ता होकर 1,31,505 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. 22 कैरेट सोने की कीमत करीब 2,900 रुपये घटकर 1,20,459 रुपये और 18 कैरेट सोने का भाव 98,629 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. चांदी भी 4,400 रुपये टूटकर 1,64,506 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.
Also Read
रिकॉर्ड ऊंचाई से कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
सोने की कीमत जनवरी में 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी. अब यह करीब 1.31 लाख रुपये पर है. इस तरह सोना अपने उच्चतम स्तर से लगभग 62,000 रुपये सस्ता हो चुका है. चांदी का रिकॉर्ड भाव 4.20 लाख रुपये प्रति किलो था, जबकि अब यह करीब 1.63 लाख रुपये पर कारोबार कर रही है. यानी इसमें लगभग 2.57 लाख रुपये की गिरावट आ चुकी है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गिरावट
वैश्विक बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है. सोने की कीमत 2.15 प्रतिशत गिरकर 3,780.40 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.15 प्रतिशत टूटकर 45.865 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.