गैस एजेंसी के चक्कर काटने की झंझट खत्म, WhatsApp और मिस्ड कॉल से घर बैठे ऐसे बुक करें LPG सिलेंडर
रसोई गैस सिलेंडर बुक करना अब बेहद आसान हो गया है. इंडेन, एचपी और भारत गैस के ग्राहक व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल और मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं. साथ ही बुकिंग के नए नियमों का ध्यान रखना जरूरी है.
नई दिल्ली: घरेलू रसोई गैस (LPG) के उपभोक्ताओं के लिए अब गैस एजेंसी के चक्कर काटने का दौर पुराना हो चुका है. तकनीक के साथ गैस कंपनियों ने बुकिंग की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सरल बना दिया है. हालांकि, हाल के दिनों में बुकिंग सिस्टम पर अत्यधिक बोझ के कारण कुछ तकनीकी समस्याएं भी आई हैं, लेकिन कंपनियों ने व्हाट्सएप और मोबाइल ऐप जैसे कई विकल्प खुले रखे हैं. इसके अलावा, सरकार ने रिफिल बुकिंग की समय सीमा में भी बदलाव किया है जिसे जानना हर उपभोक्ता के लिए अनिवार्य है.
एचपी गैस के उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 88888 23456 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा 94936 02222 पर मिस्ड कॉल देकर भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. वहीं, भारत गैस के ग्राहक 77150 12345 या 77180 12345 पर कॉल करके रिफिल बुक कर सकते हैं. ये सेवाएं उन लोगों के लिए बेहतरीन हैं जिनके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या जो ऐप चलाने में सहज नहीं हैं.
इंडेन गैस की बुकिंग सेवा
इंडेन गैस के करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए कंपनी ने एक समर्पित नंबर 7718955555 जारी किया है. इस नंबर पर कॉल या एसएमएस के जरिए मिनटों में सिलेंडर बुक किया जा सकता है. यह प्रक्रिया न केवल तेज है बल्कि उपभोक्ताओं को तुरंत पुष्टि का संदेश भी मिल जाता है. यदि कॉल सेवा व्यस्त आती है, तो एसएमएस का विकल्प सबसे कारगर साबित होता है, जिससे बुकिंग की पुष्टि आसानी से हो जाती है.
व्हाट्सएप से बुकिंग की सुविधा
आजकल व्हाट्सएप के जरिए गैस बुक करना सबसे लोकप्रिय तरीका बन गया है. इंडेन के लिए 75888 88824, एचपी के लिए 92222 01122 और भारत गैस के लिए 1800 22 4344 नंबर फोन में सेव करना होगा. इन नंबरों पर बस 'Hi' या 'REFILL' लिखकर भेजना होता है. इसके बाद स्क्रीन पर आने वाले निर्देशों का पालन कर आप पल भर में अपना सिलेंडर बुक कर सकते हैं, जो काफी सुरक्षित और आधुनिक तरीका है.
मोबाइल ऐप का इस्तेमाल
तीनों प्रमुख कंपनियों की अपनी मोबाइल ऐप भी मौजूद हैं. इंडेन के लिए 'IndianOil ONE', एचपी के लिए 'HP Gas' और भारत गैस के लिए 'Hello BPCL' ऐप उपलब्ध हैं. इन्हें गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है. इन ऐप्स के जरिए न केवल बुकिंग की जा सकती है, बल्कि आप ऑनलाइन पेमेंट, डिलीवरी स्टेटस और अपने गैस कनेक्शन से जुड़ी अन्य जानकारियां भी देख सकते हैं. इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहती है.
बुकिंग के नियमों में बदलाव
सरकार ने सिलेंडर की जमाखोरी रोकने और आपूर्ति को संतुलित करने के लिए बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर बुक करने के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा, जो पहले 21 दिन था. ग्रामीण क्षेत्रों में यह अंतराल और भी अधिक हो सकता है, जहां कुछ स्थानों पर इसे 45 दिन तक बढ़ा दिया गया है. यह फैसला सभी उपभोक्ताओं तक गैस की समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है.