घर बैठे ऐसे चेक करें दिल्ली लक्ष्मी योजना आवेदन का स्टेटस, हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये
दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है. योजना में अब तक करीब 5.92 लाख पंजीकरण हो चुके हैं. अगर आपने आवेदन किया है तो घर बैठे ऑनलाइन उसका स्टेटस भी चेक कर सकती हैं.
दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं के बीच लगातार रुचि बढ़ रही है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, योजना शुरू होने के महज 10 दिनों में करीब 5.92 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है. सरकार का लक्ष्य अभी और लाखों महिलाओं को जोड़ने का है.
मुख्यमंत्री ने कहा है कि पात्र महिलाओं का पंजीकरण पूरा होने तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी. यानी सरकार तय लक्ष्य तक पहुंचने से पहले पंजीकरण पोर्टल बंद नहीं करेगी.
हर महीने 2,500 रुपये का लाभ
योजना के तहत पात्र महिलाओं को कुल 2,500 रुपये की सहायता दी जाएगी. इसमें 1,000 रुपये डिजिटल वॉलेट के जरिए उपलब्ध कराने का प्रावधान है, जबकि 1,500 रुपये एफडी या आरडी के रूप में बचत के लिए जमा किए जाएंगे. सरकार का कहना है कि आवेदन से लेकर दस्तावेजों की जांच और भुगतान तक की प्रक्रिया डिजिटल तरीके से की जा रही है.
Also Read
आवेदन कैसे करें?
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर जाना होगा. यहां Apply विकल्प चुनने के बाद Citizen Login में जाकर Register Now पर क्लिक करना होगा.
रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार नंबर, आधार कार्ड पर दर्ज नाम, लिंग और जन्मतिथि जैसी जानकारी भरनी होगी. कैप्चा दर्ज करने के बाद आगे बढ़ने पर Registration ID और Password तैयार किया जाएगा.
इसके बाद इन्हीं विवरणों से लॉगिन कर पात्रता से जुड़े सवालों का जवाब देना होगा. फिर व्यक्तिगत जानकारी, आधार से जुड़ी जानकारी, परिवार के सदस्यों का विवरण और आधार से लिंक बैंक खाते की जानकारी भरनी होगी. आवश्यक पेपर अपलोड करना होगा. इसके साथ सांसद या विधायक की मंजूरी वाला हस्ताक्षरित पत्र भी अपलोड करना होगा. अंत में Acknowledgment Receipt डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें.
ऐसे चेक करें आवेदन का स्टेटस
अगर आपने दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन कर दिया है और उसका अपडेट जानना चाहती हैं तो यह काम ऑनलाइन किया जा सकता है.
इसके लिए dly.delhi.gov.in/Home पर जाएं और Track Application विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और कैप्चा दर्ज करके साइन-इन करें. जानकारी सत्यापित होने के बाद आपके आवेदन की मौजूदा स्थिति स्क्रीन पर दिखाई देगी.
डिजिटल तरीके से हो रही जांच
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, योजना में आवेदन से लेकर दस्तावेजों की जांच, पात्रता सत्यापन, मंजूरी, पीएफएमएस एकीकरण, बैंकिंग और भुगतान जैसी प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से की जा रही हैं. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ वास्तव में पात्र और जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचे.