Budget 2024: सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दे सकती है सरकार, बजट में हो सकते हैं ये बड़े ऐलान
Budget 2024: ऐसे में सरकार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर भी मेहरबान हो सकती है. इस बजट में सरकार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कर सकती है.
Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज अंतरिम बजट पेश करने जा रही हैं. लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस बजट में सरकार की प्रत्येक वर्ग को साधने की कोशिश होगी. ऐसे में सरकार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों पर भी मेहरबान हो सकती है. इस बजट में सरकार केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कर सकती है.
सरकारी कर्मचारी लंबे समय से उनके 18 महीने के बकाया महंगाई भत्ते (DA) का एरियर जारी करने की मांग कर रहे हैं.
कोविड काल में सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के DA और DR के भुगतान पर रोक लगा दी थी. ये रोक करीब 18 महीने तक बनी रही, ऐसे में सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी लंबे समय से सरकार से इस बकाए पर एरियर जारी करने की मांग कर रहे हैं.
सैलरी के बेसिक स्ट्रक्चर में बदलाव की मांग
यही नहीं सरकारी कर्मचारी लंबे समय से सैलरी स्ट्रक्चर को रिवाइज करने की भी मांग कर रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि सरकार को सैलरी फिटमेंट फैक्टर को बढ़ाना चाहिए, जिससे उनकी मिनिमम बेसिक सैलरी 18000 रुपए से बढ़ाकर 26000 रुपए तक चली जाएगी. सैलरी के बेसिक स्ट्रक्चर में बदलाव से उनके PF से लेकर HRA तक में बदलाव होगा.
लागू हो 8वां वेतन आयोग
इसके अलावा सरकारी कर्मचारी लगातार 8वां वेतन आयोग बनाने और उसकी सिफारिशें जल्द लागू करने की भी मांग कर रहे हैं. देश में फिलहाल सरकारी कर्मचारियों की सैलरी 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर ही तय होती हैं. बता दें कि 7वें वेतन आयोग की मियाद जल्द ही पूरी होने वाली है, ऐसे में सरकार से 8वां वेतन आयोग गठित करने की उम्मीद की जा रही है. आठवां वेतन आयोग लागू होने के बाद सबसे निचले स्तर के सरकारी कर्मचारी की सैलरी में भी इजाफा होगा.
हालांकि सरकार कई मौकों पर कह चुकी है कि उसका फिलहाल आठवां वेतन आयोग बनाने का कोई इरादा नहीं है.