Bank Strike 2026: बैंक जाने की सोच रहे हैं तो ठहरिए! 5 दिन तक बंद रह सकती हैं ब्रांच, जानें UPI चलेगा या नहीं

सितंबर के आखिरी दिनों में बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने वालों के लिए अहम खबर है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है.

Pinterest
Reepu Kumari

Bank Strike 2026: अगर आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम आने वाले दिनों में अटका हुआ है, तो उसे टालना भारी पड़ सकता है. सितंबर के अंत में बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल होने जा रही है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU की ओर से 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल का ऐलान किया गया है. इस बीच पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों को मैसेज भेजकर ब्रांच से जुड़े जरूरी काम पहले निपटाने की जानकारी दी है.

PNB ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे 25 सितंबर या उससे पहले बैंक की शाखा से जुड़े जरूरी काम पूरे कर लें. बैंक की ओर से भेजे गए संदेश में हड़ताल की वजह से होने वाली संभावित परेशानी से बचने के लिए पहले से तैयारी करने को कहा गया है. ऐसे में जिन ग्राहकों को कैश, चेक, दस्तावेज या KYC से जुड़ा काम करवाना है, उनके लिए तारीख का ध्यान रखना जरूरी होगा.

डिजिटल बैंकिंग पर क्या होगा असर

हड़ताल के दौरान ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाएं राहत दे सकती हैं. PNB के संदेश के मुताबिक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सेवाओं को उपलब्ध रखने की कोशिश की जाएगी. इसके अलावा बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट सेवाएं भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा. यानी डिजिटल माध्यमों से होने वाले कई सामान्य लेनदेन जारी रह सकते हैं, हालांकि बैंक ने इन्हें पूरी तरह सामान्य रहने की गारंटी नहीं दी है.


ब्रांच में नहीं हो पाएंगे कई जरूरी काम

हड़ताल का सबसे सीधा असर बैंक की शाखाओं से मिलने वाली सेवाओं पर पड़ सकता है. कैश जमा करना या निकालना, चेक से जुड़े काम, जरूरी दस्तावेज जमा करना और KYC जैसे कार्यों के लिए ग्राहकों को ब्रांच जाना पड़ता है. ऐसे काम हड़ताल के दौरान प्रभावित हो सकते हैं. इसलिए अगर इनमें से कोई काम जरूरी है, तो उसे आखिरी समय तक टालने के बजाय पहले पूरा करना बेहतर रहेगा.

छुट्टियों के साथ बढ़ सकता है असर

बैंक हड़ताल का असर सिर्फ तीन दिनों तक सीमित नहीं रह सकता. 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है. इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल रहेगी. ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक की शाखाओं से सामान्य सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है. PNB देशभर में बड़ी संख्या में ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं देता है, इसलिए हड़ताल से कई लोगों के रोजमर्रा के बैंकिंग काम प्रभावित हो सकते हैं.