menu-icon
India Daily

स्मार्टफोन का कमाल, अब फोन दिलाएगा समय पर दवा लेने की याद; ऐसे सेट करें रिमाइंडर

स्मार्टफोन के हेल्थ ऐप्स अब दवा लेने का रिमाइंडर, मेडिकल आईडी, हेल्थ रिपोर्ट्स और फिटनेस डेटा को एक ही जगह सुरक्षित रखने की सुविधा देते हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
स्मार्टफोन का कमाल, अब फोन दिलाएगा समय पर दवा लेने की याद; ऐसे सेट करें रिमाइंडर
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: स्मार्टफोन अब केवल कॉल करने, मैसेज भेजने या सोशल मीडिया इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं रह गया है. आधुनिक हेल्थ ऐप्स की मदद से यूजर अपनी सेहत से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां एक ही जगह सुरक्षित रख सकते हैं. इनमें दवा लेने का रिमाइंडर, मेडिकल आईडी, हेल्थ रिपोर्ट्स, स्टेप्स काउंट, नींद और अन्य स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड शामिल हैं. सही तरीके से इन फीचर्स का उपयोग करने पर समय पर दवा लेना आसान हो जाता है और इमरजेंसी के दौरान भी महत्वपूर्ण मेडिकल जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकती है.

एंड्रॉयड और आईफोन यूजर्स के लिए अलग अलग हेल्थ ऐप उपलब्ध हैं. एंड्रॉयड फोन में Google Health और Samsung Health का उपयोग किया जा सकता है, जबकि आईफोन यूजर्स के लिए Apple Health ऐप उपलब्ध है. यदि फोन में यह ऐप पहले से मौजूद नहीं है तो इन्हें केवल Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड करना चाहिए.

कैसे है उपयोगी?

यदि कोई व्यक्ति या उसके परिवार का सदस्य समय पर दवा लेना भूल जाता है तो हेल्थ ऐप का Medication Reminder फीचर काफी उपयोगी साबित हो सकता है. इसमें दवा का नाम, डोज, समय और दिन दर्ज करने के बाद तय समय पर फोन नोटिफिकेशन भेजता है. इससे दवा छूटने की संभावना कम हो जाती है. यह सुविधा विशेष रूप से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉयड और अन्य लंबे समय तक चलने वाली बीमारियों के मरीजों के लिए लाभदायक हो सकती है.

क्या है प्रॉसेस?

Samsung Health ऐप में रिमाइंडर सेट करने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और Medications विकल्प पर जाएं. इसके बाद नई दवा जोड़ें, दवा का नाम, डोज, समय और दिन दर्ज करें. फिर Reminder विकल्प में अलर्ट का प्रकार चुनकर जानकारी सेव कर दें. इसके बाद तय समय पर फोन आपको दवा लेने की याद दिलाएगा.

हेल्थ ऐप्स कितना है महत्वपूर्ण?

हेल्थ ऐप्स का Medical ID फीचर भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. इसमें यूजर अपना नाम, ब्लड ग्रुप, उम्र, एलर्जी, बीमारी, चल रही दवाइयों और इमरजेंसी संपर्क नंबर जैसी जानकारी दर्ज कर सकता है. यदि किसी दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी में व्यक्ति बेहोश हो जाए तो लॉक स्क्रीन से भी यह जानकारी देखी जा सकती है, जिससे डॉक्टर और रेस्क्यू टीम को इलाज शुरू करने में आसानी होती है.

क्या है इस ऐप की खासियत?

इन ऐप्स में मेडिकल रिपोर्ट, ब्लड टेस्ट, एक्स रे, प्रिस्क्रिप्शन, डिस्चार्ज समरी और वैक्सीनेशन रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखे जा सकते हैं. इससे अस्पताल या डॉक्टर के पास बार बार पूरी फाइल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ती. कई हेल्थ ऐप्स रोजाना चले गए कदमों की संख्या, नींद, वजन, पानी पीने की मात्रा और अन्य फिटनेस डेटा भी रिकॉर्ड करते हैं. कुछ हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियां स्टेप्स काउंट के आधार पर हेल्थ रिवार्ड्स और प्रीमियम में छूट भी देती हैं. इस तरह स्मार्टफोन के हेल्थ फीचर्स दवा याद दिलाने के साथ साथ बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.