फोन की स्क्रीन कर रही आपकी आंखें खराब, तुरंत बदल दें ये सेटिंग्स
आजकल ज्यादातर लोग काम या आदत के कारण दिन में कई घंटे फोन पर स्क्रीन देखते रहते हैं. 6 से 10 घंटे तक फोन देखने से आंखों पर भारी दबाव पड़ता है. इससे कैसे बचा जा सकता है, चलिए जानते हैं.
नई दिल्ली: आजकल ज्यादातर लोग काम या आदत के कारण दिन में कई घंटे फोन पर स्क्रीन देखते रहते हैं. 6 से 10 घंटे तक फोन देखने से आंखों पर भारी दबाव पड़ता है. इससे सिरदर्द, आंखों में जलन, थकान और नजर कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अच्छी बात यह है कि फोन में कुछ आसान सेटिंग्स बदलकर आप अपनी आंखों को सुरक्षित रख सकते हैं.
1. अंधेरे में ब्राइटनेस कम रखें:
दिन में तेज धूप में फोन चलाने के लिए ब्राइटनेस ज्यादा रखनी पड़ती है, लेकिन रात में या अंधेरे कमरे में फोन यूज करते समय स्क्रीन की ब्राइटनेस जरूर कम कर दें. ज्यादा चमक आंखों को बहुत नुकसान पहुंचाती है. एडवांस फोन्स में ऑटो ब्राइटनेस का फीचर होता है. इसे हमेशा ऑन रखें. यह आसपास की रोशनी के हिसाब से खुद ब्राइटनेस एडजस्ट कर लेता है, जिससे आंखों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता.
2. सोने से पहले ब्लू लाइट फिल्टर ऑन करें:
फोन की स्क्रीन से ब्लू लाइट निकलती है. यह रोशनी दिन में तो आपको उठाकर रखती है, लेकिन रात में नींद खराब कर देती है. ब्लू लाइट के कारण दिमाग में नींद लाने वाला हार्मोन (मेलाटोनिन) कम बनता है. इसलिए रात में फोन इस्तेमाल करते समय Night Light, Blue Light Filter या Eye Comfort मोड को ऑन कर लें. इससे स्क्रीन का कलर थोड़ा येलो हो जाता है और आंखों को आराम मिलता है.
Also Read
3. डार्क मोड का इस्तेमाल करें:
खासकर रात में फोन चलाते समय डार्क मोड जरूर ऑन करें. इसमें बैकग्राउंड काला और टेक्स्ट सफेद हो जाता है. इससे स्क्रीन का ग्लेयर कम हो जाता है. आंखों पर दबाव नहीं पड़ता है. डार्क मोड का एक और फायदा यह है कि फोन की बैटरी भी कम खर्च होती है.
4. स्क्रीन डिस्टेंस (दूरी) का ध्यान रखें:
फोन को आंखों से बहुत नजदीक रखकर देखना खतरनाक है. इससे आंखों के लेंस पर दबाव पड़ता है और खासकर बच्चों में नजदीक की नजर (मायोपिया) की समस्या बढ़ सकती है. आंखों से फोन कम से कम 12-16 इंच (30-40 सेंटीमीटर) दूर रखें. iPhone में Screen Distance फीचर है, जो अगर आप फोन बहुत पास लाते हैं तो अलर्ट कर देता है. Android फोन में भी इसी तरह के फीचर्स उपलब्ध हैं.