टेक जगत में मंदी की मार! Oracle ने 12,000 भारतीय कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) ने भारत में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है, जिससे लगभग 12,000 पेशेवरों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है. कंपनी अपने वैश्विक पुनर्गठन और एआई (AI) केंद्रित मॉडल की ओर बढ़ते हुए कुल 30,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा रही है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (IT) क्षेत्र के लिए एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है. प्रमुख अमेरिकी टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) ने भारत में अपने परिचालन को पुनर्गठित करने के नाम पर कर्मचारियों की भारी छंटनी शुरू कर दी है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में काम कर रहे करीब 12,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है. यह कदम कंपनी की उस वैश्विक रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत दुनिया भर में लगभग 30,000 कर्मियों की कटौती की जानी है.

जानकारी के मुताबिक, सुबह 6 बजे ओरेकल लीडरशिप की ओर से एक ईमेल भेजा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा था कि बड़े संगठनात्मक बदलाव के कारण उनके पदों को समाप्त किया जा रहा है. इसी ईमेल को कर्मचारियों का 'लास्ट वर्किंग डे' बताया गया. रिपोर्ट्स की मानें तो ईमेल मिलते ही कई कर्मचारियों के सिस्टम लॉक कर दिए गए, जिससे उन्हें अपनी फाइलें तक देखने का मौका नहीं मिला. अचानक हुई इस कार्रवाई से बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे टेक हब में काम करने वाले पेशेवरों के बीच डर का माहौल व्याप्त है.

एआई (AI) और ऑटोमेशन: इंसानी नौकरियों पर भारी 

विशेषज्ञों का मानना है कि ओरेकल अपने खर्चों में कटौती करने और बिजनेस स्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए यह कड़ा फैसला ले रही है. कंपनी अब पारंपरिक डेटाबेस मैनेजमेंट के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिक निवेश कर रही है. एआई और ऑटोमेशन के बढ़ते प्रभाव के कारण कई पुराने तकनीकी रोल अब अप्रासंगिक हो गए हैं, जिससे कम कर्मचारियों के साथ अधिक काम करने की होड़ मची है.

सेवरेंस पैकेज और कर्मचारियों की नाराजगी 

छंटनी की प्रक्रिया के साथ ही कंपनी ने कर्मचारियों के सामने कुछ सख्त शर्तें भी रखी हैं. बताया जा रहा है कि सेवरेंस पैकेज प्राप्त करने के लिए कर्मचारियों को कुछ विशेष दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने को कहा जा रहा है. इस 'शर्त आधारित' विदाई ने कर्मचारियों के बीच काफी रोष पैदा कर दिया है.

क्या करती है ओरेकल? 

ओरेकल एक वैश्विक सॉफ्टवेयर और क्लाउड सेवा प्रदाता कंपनी है, जो मुख्य रूप से अपने डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम के लिए विख्यात है. बैंकों, सरकारी संस्थानों और दुनिया की बड़ी कंपनियों का महत्वपूर्ण डेटा ओरेकल के सॉफ्टवेयर पर ही सुरक्षित रहता है. हालांकि, अब कंपनी क्लाउड और ऑटोमेशन जैसी नई तकनीकों की ओर तेजी से शिफ्ट हो रही है, जिसका खामियाजा पुराने कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है.