Review: अब Wi-Fi नहीं होगा बंद! कैसा रहा Oakter Mini UPS का एक्सपीरियंस

Oakter Mini UPS for AirFiber V3.0 Review: मैंने कुछ समय तक Oakter Mini UPS for AirFiber V3.0 का इस्तेमाल किया. मेरा एक्सपीरियंस इसके साथ कैसा रहा, चलिए जानते हैं.

Oakter
Shilpa Srivastava

Oakter Mini UPS for AirFiber V3.0 Review: अगर आप घर पर ऑफिस का काम या फिर कोई जरूर काम कर रहे हों, जिसमें इंटरनेट की जरूरत पड़ती है, तो आपको हाई-स्पीड इंटरनेट स्पीड चाहिए होती है. घर में इंटरनेट के फ्लक्चुएट होने की समस्या काफी आम हो चली है. खासकर तब जब आप ऑनलाइन मीटिंग में हों, कुछ जरूरी काम कर रहे हों या कोई सीरीज/मूवी देख रहे हों. इलेक्ट्रिसिटी का एक छोटा-सा झटका भी राउंटर बंद कर देता है. फिर उसे दोबारा कनेक्ट होने में दो-तीन मिनट लग जाते हैं. ये दो-तीन मिनट कई बार पूरा मूड खराब कर देते हैं. 

ये समस्या मुझे तो आती ही है और आपको भी जरूर आती होगी. मेरे पास एयरफाइबर कनेक्शन है. पावर कट होने पर सिग्नल पूरी तरह चला जाता था. खासतौर पर बारिश के दिनों में तो ये समस्या लगातार ही आ रही थी. राउटर रीबूट होने तक कॉल ड्रॉप हो जाती है, इंटरनेट बफर करने लगता है. इस समस्या को सही करने के लिए मैंने कुछ समय तक Oakter Mini UPS for AirFiber V3.0 का इस्तेमाल किया. मेरा एक्सपीरियंस इसके साथ कैसा रहा, चलिए जानते हैं.

इस UPS की USP क्या है?

सबसे अच्छी बात जो मुझे लगी, वो है स्विचिंग की स्पीड. बिजली जाते ही ये यूपीएस इतनी तेजी से काम शुरू कर देता है कि राउटर को पता ही नहीं चलता कि पावर सप्लाई में कुछ बदला है. मैंने खुद कई बार मेन स्विच ऑफ करके टेस्ट किया. राउटर एक सेकेंड के लिए भी बंद नहीं हुआ. लाइट्स, इंटरनेट, सब कुछ बिना किसी रुकावट के चलता रहा. एयरफाइबर के 12 वोल्ट वाले सिस्टम के लिए ये पूरी तरह सूटेबल है. 


कैसा है बैकअप टाइम?

बैकअप टाइम के मामले में भी ये उम्मीद पर खरा उतरा. कंपनी का दावा करीब 4 घंटे का है और मेरे रोजमर्रा के इस्तेमाल में भी लगभग इतना ही बैकअप मिला. थोड़ी-बहुत पावर कट को ये आसानी से हैंडल कर सकता है. अगर बिजली लंबे समय तक न आए, तब भी कुछ घंटे तक इंटरनेट चलता रहता है. 

ये फीचर्स करेंगे मदद:

  • डीप डिस्चार्ज प्रोटेक्शन की वजह से बैटरी पूरी तरह खाली नहीं होती, जिससे उसकी लाइफ बढ़ जाती है. 

  • इंटेलिजेंट चार्जिंग सिस्टम ओवरचार्जिंग नहीं होने देता, इसलिए आप इसे हमेशा प्लग-इन रखकर इस्तेमाल कर सकते हैं. 

  • दो साल की रिप्लेसमेंट वारंटी भी काफी भरोसा दिलाती है. छोटी-मोटी गैजेट्स में इतनी लंबी वारंटी कम ही देखने को मिलती है.

सेटअप आसान है या मुश्किल:

सेटअप की बात करें तो ये बेहद आसान है. राउटर का एडाप्टर यूपीएस में लगाना है और यूपीएस का आउटपुट राउटर में. बस इतना ही. कोई कॉम्प्लिकेटेड वायरिंग या सेटिंग्स नहीं है. साइज भी कॉम्पैक्ट है, इसलिए राउटर के पीछे या साइड में आसानी से छुप जाता है. कमरे के एस्थेटिक लुक को भी खराब नहीं करता है. 

क्या है कीमत?

इसकी कीमत करीब 2899 रुपये है. बाजार में सस्ते विकल्प भी उपलब्ध हैं, लेकिन एयरफाइबर जैसे सिस्टम के लिए स्टेबिलिटी और रिलायबिलिटी ज्यादा मायने रखती है. एक बार लगाने के बाद बार-बार चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ती. वर्क फ्रॉम होम करने वालों, ऑनलाइन क्लासेस लेने वालों या फिर देर रात मूवी मैराथन करने वालों के लिए ये काफी सुविधाजनक साबित हो सकता है. कुछ मिलाकर, मेरा एक्सपीरियंस इसके साथ अच्छा रहा.