29 अप्रैल से शुरू होगी Motorola Edge 70 Pro की सेल, मिलेगा ₹2000 का इंस्टैंट डिस्काउंट
Motorola Edge 70 Pro को भारत में लॉन्च कर दिया गया है. इस फोन में 6500 एमएएच की बैटरी मौजूद है. इसकी शुरुआती कीमत 38,999 रुपये है. चलिए जानते हैं इस फोन की सभी डिटेल्स.
नई दिल्ली: भारतीय मार्केट में Motorola Edge 70 Pro को लॉन्च कर दिया गया है. यह कंपनी के लेटेस्ट Edge-सीरीज का हिस्सा है. यह फोन ऑक्टा-कोर मीडियाटेक डायमेंसिटी 8000 सीरीज के साथ आता है. इसके साथ ही 6500 एमएएच की बैटरी दी गई है. इस फोन में 50 मेगापिक्सल का सेंसर दिया गया है. इसके साथ ही फोन को कूल रखने के लिए वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी मौजूद है.
Motorola Edge 70 Pro की की कीमत की बात करें तो इसके 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 38,999 रुपये में खरीदा जा सकेगा. वहीं, इशके 12 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 41,999 रुपये में खरीदा जा सकेगा. इसकी सेल 29 अप्रैल से शुरू होगी. इसे पेंटोन लिली व्हाइट, पेंटोन टी और पेंटोन टाइटन कलर में खरीदा जा सकेगा. ऑफर्स की बात करें तो एक्सिस और एचडीएफसी बैंक कार्ड के जरिए 2,000 रुपये तक का इंस्टैंट डिस्काउंट दिया जा रहा है.
Motorola Edge 70 Pro के फीचर्स:
यह फोन ड्यूल सिम स्मार्टफोन है. यह फोन एंड्रॉइड 16 पर आधारित हेलो यूआई पर काम करता है. इसमें 6.8 इंच का सुपर एचडी एक्सट्रीम एमोलड डिस्प्ले मौजूद है. इसका रिफ्रेश रेट 144 हर्ट्ज तक का है. इसकी पीक ब्राइटनेस 5200 निट्स तक की है. धूल और पानी से बचाव के लिए IP68+IP69 रेटिंग और MIL-STD 810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन मौजूद है. यह फोन ऑक्टा-कोर मीडियाटेक डायमेंसिटी 8000 प्रोसेसर से लैस है. इसमें 12 जीबी तक की रैम और 256 जीबी की स्टोरेज दी गई है. इस स्मार्टफोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर भी है.
कैमरा और बैटरी डिटेल्स:
फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है. इसमें Sony LYT-710 सेंसर और ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) के साथ 50 मेगापिक्सल (f/1.8) का मेन शूटर है. इसमें ऑटोफोकस के साथ 50 मेगापिक्सल (f/2.0) का अल्ट्रा-वाइड कैमरा है. वहीं, तीसरे सेंसर की जानकारी अभी नहीं है. सेल्फी के लिए फोन में 50 मेगापिक्सल (f/1.9) का कैमरा भी मौजूद है. फोन में 6500 एमएएच की बैटरी दी गई है, जो 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4जी एलटीई, वाई-फाई 6ई, ब्लूटूथ 5.4, एनएफसी, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट आदि जैसे फीचर्स मौजूद हैं.