AQI Weather

Microsoft Outage: Outlook, Teams और Copilot ठप! 1.3 लाख यूजर्स परेशान, कंपनी ने बताई बड़ी वजह

दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट सर्विसेज का इस्तेमाल करने वाले हजारों यूजर्स को गुरुवार और शुक्रवार की शुरुआत में परेशानी का सामना करना पड़ा. कंपनी के कई लोकप्रिय प्लेटफॉर्म जैसे Outlook, Microsoft Teams, Copilot और Microsoft 365 की सेवाएं प्रभावित हुईं.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट सर्विसेज का इस्तेमाल करने वाले हजारों यूजर्स को गुरुवार और शुक्रवार की शुरुआत में परेशानी का सामना करना पड़ा. कंपनी के कई लोकप्रिय प्लेटफॉर्म जैसे Outlook, Microsoft Teams, Copilot और Microsoft 365 की सेवाएं प्रभावित हुईं. आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर केवल Outlook को लेकर करीब 1.3 लाख यूजर्स ने समस्या की शिकायत दर्ज की.

कई यूजर्स ने बताया कि वे अपने ईमेल अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं. वहीं, कुछ लोगों को माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर मैसेज भेजने और कोपायलट एआई असिस्टेंट इस्तेमाल करने में भी दिक्कत हुई.


Microsoft ने मानी तकनीकी खराबी:

यूजर्स की शिकायतें बढ़ने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने भी तकनीकी समस्या की पुष्टि की. कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उसे एक्सचेंज ऑनलाइन मेलबॉक्स एक्सेस करने में आ रही दिक्कतों की जानकारी है. कंपनी के मुताबिक, अमेरिका में कई तरह के कनेक्शन के जरिए ईमेल एक्सेस करने वाले यूजर्स प्रभावित हुए हैं. हालांकि, इस समस्या का असर दूसरे क्षेत्रों में माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाओं पर भी पड़ सकता है.

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसकी तकनीकी टीम समस्या को ठीक करने और सेवाओं को सामान्य बनाने में जुटी है. इस मामले की जानकारी माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में EX1550543 कोड के तहत दी गई. इससे पहले कंपनी ने दावा किया था कि उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स से जुड़ी कुछ समस्याओं को ठीक कर लिया गया है. हालांकि, इसके बाद भी कुछ यूजर्स ने कनेक्टिविटी की शिकायत की.

ChatGPT और Claude की जगह अपने AI मॉडल ला रही माइक्रोसॉफ्ट:

वहीं, माइक्रोसॉफ्ट अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) रणनीति में भी बड़ा बदलाव कर रही है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी OpenAI और एंथ्रोपिक के AI मॉडल पर निर्भरता कम करके अपने खुद के MAI मॉडल इस्तेमाल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. इन AI मॉडल को एक्सेल और आउटलुक जैसे टूल्स में इस्तेमाल किया जा रहा है. कंपनी का मकसद AI सेवाओं को चलाने का खर्च कम करना और अपनी तकनीक पर ज्यादा कंट्रोल हासिल करना है.