झारखंड: महिला की बेरहमी से हत्या, शव के अंग काटकर कढ़ाई में पकाने का आरोप; रिश्ते का जेठ हिरासत में

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक आदिवासी महिला की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई.

Pinterest
Shilpa Srivastava

सरायकेला-खरसावां: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक आदिवासी महिला की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं, आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शरीर के कई अंग काटकर घर के पीछे रखी कढ़ाई में पकाया. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने इस मामले में मृतका के रिश्ते के जेठ पौलुश मुंडा को हिरासत में लिया है.

मेले में हड़िया बेचने गई थी महिला:

यह घटना कुचाई थाना क्षेत्र के जोम्बरो गांव की है. मृतका की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात गांव में हॉकी टूर्नामेंट और मेले का आयोजन किया गया था. महिला वहां हड़िया बेचने गई थी. देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो पति और परिवार के दूसरे सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.

क्षत-विक्षत हालत में मिला शव:

परिजनों को तलाश के दौरान महिला का शव बेहद खराब हालत में मिला. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी ने धारदार हथियार से महिला की हत्या की और उसके शरीर के कई अंग काट दिए. आरोप है कि इसके बाद उसने शव के अंगों को घर के पीछे कढ़ाई में पकाया. इस घटना ने गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है.


पुलिस कर रही मामले की जांच:

घटना की सूचना मिलने पर दलभंगा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. वहीं, मृतका के रिश्ते के जेठ पौलुश मुंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

मामले में महिला के साथ हत्या से पहले यौन हिंसा होने की आशंका भी जताई गई है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.