menu-icon
India Daily

IRCTC का बड़ा धमाका! अब मिनटों में बुक होगी ट्रेन टिकट, बदल जाएंगे ये 4 नियम

IRCTC यात्रियों के लिए विज्ञापनों से मुक्त और आसान कैप्चा वाली तेज वेबसाइट ला रहा है. इसमें एक स्क्रीन पर सभी सीटों की उपलब्धता दिखेगी और मजबूत सिस्टम से फर्जी तत्काल बुकिंग पर भी लगाम लगेगी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
IRCTC का बड़ा धमाका! अब मिनटों में बुक होगी ट्रेन टिकट, बदल जाएंगे ये 4 नियम
Courtesy: ai generated

नई दिल्ली: अब ट्रेन का टिकट बुक करना काफी आसान और सुविधाजनक होने वाला है. यात्रियों को अब वेबसाइट के धीमे चलने, उलझाने वाले कैप्चा कोड और बार-बार आने वाले विज्ञापनों जैसी परेशानियों से जूझना नहीं पड़ेगा. भारतीय रेलवे जल्द ही आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का 'बीटा वर्जन' पेश करने जा रही है.

हाल ही में, रेलवे अधिकारियों और एमएनआईटी जयपुर के छात्रों ने इस नई वेबसाइट के बीटा वर्जन का जायजा लिया और अपने सुझाव दिए. कुछ हफ्ते पहले इन छात्रों ने मौजूदा वेबसाइट की कई तकनीकी कमियों को उजागर किया था, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने वेबसाइट के डिजाइन और काम करने की क्षमता में बड़े बदलाव करने का एलान किया. ये सभी सुधार 15 जुलाई तक पूरे करने की योजना है.

वेबसाइट में होने वाले 4 सबसे मुख्य बदलाव इस प्रकार हैं

विज्ञापनों से मुक्ति- टिकट बुक करते समय बीच में आने वाले परेशान करने वाले विज्ञापनों और भड़कीले ग्राफिक्स को अब पूरी तरह हटा दिया गया है.

आसान कैप्चा- सुरक्षा के लिए आने वाले कैप्चा कोड को अब पहले से कहीं ज्यादा सरल और तेज बनाया गया है, ताकि समय न बर्बाद हो.

एक स्क्रीन पर सभी सीटें- अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास की सीटें देखने के लिए बार-बार क्लिक नहीं करना पड़ेगा. स्लीपर, 3AC और 2AC जैसी सभी श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिख जाएगी.

तेज बुकिंग और डेटा सेविंग- टिकट बुक करने की पूरी प्रक्रिया को छोटा कर दिया गया है ताकि कम स्टेप्स में काम हो जाए. साथ ही, अब मुसाफिरों की जानकारी को हमेशा के लिए सेव करके रखा जा सकेगा, जिससे हर बार टिकट बुक करते समय नाम-पते जैसी जानकारियां दोबारा नहीं भरनी पड़ेंगी.

40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम होगा अपडेट

रेलवे सिर्फ वेबसाइट का चेहरा ही नहीं बदल रहा, बल्कि अपने करीब 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को भी पूरी तरह अपग्रेड कर रहा है. नए आईआरसीटीसी प्लेटफॉर्म को इसी आधुनिक सिस्टम से जोड़ा जा रहा है, और इसके लिए एक नया रिजर्वेशन इंजन भी तैयार किया जा रहा है. इसके पूरी तरह चालू होते ही टिकट बुकिंग की रफ्तार बहुत तेज और सुगम हो जाएगी.

फर्जी तत्काल बुकिंग पर लगेगी लगाम

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस नए और मजबूत सिस्टम की मदद से तत्काल टिकटों की बिक्री के दौरान होने वाली फर्जी या ऑटोमेटेड बुकिंग को रोकना बेहद आसान हो जाएगा. इन बदलावों से बुकिंग सिस्टम का गलत इस्तेमाल बंद होगा और आम यात्रियों को तत्काल टिकट मिलने में आसानी और पारदर्शिता रहेगी.