iPhone 18 और iPhone 18e की लॉन्च डेट लीक! 120Hz डिस्प्ले, दमदार बैटरी समेत ये होंगी खासियतें
Apple के नए स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. कंपनी अगले साल iPhone 18 और iPhone 18e लॉन्च कर सकती है.
नई दिल्ली: Apple के नए स्मार्टफोन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. कंपनी अगले साल iPhone 18 और iPhone 18e लॉन्च कर सकती है. इस बार Apple सितंबर में अपने सभी नए iPhone मॉडल पेश करने के बजाय अलग-अलग समय पर लॉन्च करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों फोन फरवरी से अप्रैल 2027 के बीच बाजार में आ सकते हैं. इनमें बेहतर बैटरी, नया प्रोसेसर और कैमरे में अपग्रेड देखने को मिल सकता है.
कब लॉन्च होंगे iPhone 18 और iPhone 18e?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple iPhone 18 और iPhone 18e को मार्च 2027 के आसपास लॉन्च कर सकता है. हालांकि, कंपनी ने अभी आधिकारिक लॉन्च तारीख की घोषणा नहीं की है. डिस्प्ले की बात करें तो iPhone 18 में 6.3 इंच की स्क्रीन और 120Hz रिफ्रेश रेट मिल सकता है. इससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद होगा.
वहीं, iPhone 18e में 6.1 इंच की स्क्रीन और 60Hz रिफ्रेश रेट मिलने की उम्मीद है. दोनों स्मार्टफोन में नया A20 प्रोसेसर दिया जा सकता है, जिससे फोन की परफॉर्मेंस बेहतर होने की संभावना है.
Also Read
बैटरी और कैमरे में मिलेंगे बड़े बदलाव:
बैटरी के मामले में भी नए iPhone बेहतर हो सकते हैं. लीक जानकारी के मुताबिक, दोनों फोन में 4430mAh की बैटरी मिल सकती है. यह iPhone 17 के मुकाबले करीब 20 फीसदी बड़ी होगी. इससे यूजर्स को लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है.
कैमरे की बात करें तो iPhone 18 में पीछे की तरफ दो 48MP कैमरे मिलने की उम्मीद है. वहीं, iPhone 18e में 48MP का सिंगल रियर कैमरा दिया जा सकता है. सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए iPhone 18 में 18MP या 24MP का फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है. इसके अलावा ज्यादा RAM और नया C2 मॉडम भी मिल सकता है.
भारत में कितनी हो सकती है कीमत?
खबरों के अनुसार, iPhone 18 की कीमत लगभग 99,900 रुपये हो सकती है. वहीं, iPhone 18e की कीमत लगभग 79,900 रुपये हो सकती है. iPhone 18e उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प बन सकता है, जो Apple का नया फोन खरीदना चाहते हैं लेकिन एक लाख रुपये खर्च नहीं करना चाहते.
हालांकि, लॉन्च डेट, फीचर्स और कीमत को लेकर Apple की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है. इसलिए इन जानकारियों को फिलहाल संभावित स्पेसिफिकेशन और लीक के तौर पर ही देखना चाहिए.