India Biennale 2026: दिल्ली के इन ऐतिहासिक स्थलों पर होगा आयोजन, गजेन्द्र सिंह शेखावत और CM रेखा गुप्ता ने की उच्चस्तरीय समीक्षा
दिल्ली में 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक 108 दिवसीय भारत बिएनाले का आयोजन होगा. केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी तैयारियों की समीक्षा की.
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली जल्द ही अंतरराष्ट्रीय कला और संस्कृति के बड़े आयोजन की गवाह बनने जा रही है. दिल्ली में 4 दिसंबर 2026 से 'भारत बिएनाले 2026' का आयोजन किया जाएगा. इसे कला, वास्तुकला और डिजाइन के क्षेत्र में देश के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल करने की तैयारी है.
इसको लेकर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में आयोजन की तैयारियों, पर्यटकों की सुविधाओं और ऐतिहासिक स्थलों के विकास को लेकर चर्चा हुई.
108 दिनों तक चलेगा भारत बिएनाले
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, 'द इंडिया बिएनाले 2026' का आयोजन 4 दिसंबर 2026 से 21 मार्च 2027 तक किया जाएगा. कुल 108 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के कलाकारों, कला प्रेमियों और पर्यटकों को हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा. आयोजन की केंद्रीय थीम 'तत् त्वम् असि' रखी गई है. इसका उद्देश्य व्यक्ति, समाज और अपनी सांस्कृतिक जड़ों के बीच संबंध को मजबूत करना है. इस आयोजन के चार प्रमुख आयाम रिफ्लेक्शन, रिजुवनेशन, रिन्यूअल और रेजिलिएंस होंगे. इनके माध्यम से भारतीय कला, संस्कृति, परंपरा और आधुनिक रचनात्मकता के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाने की योजना है.
Also Read
दिल्ली के ऐतिहासिक स्थल बनेंगे आयोजन का हिस्सा
भारत बिएनाले का मुख्य केंद्र पुराना किला होगा. इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा, लोधी गार्डन, हौज खास और अग्रसेन की बावली जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. राष्ट्रीय संग्रहालय, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र सहित 22 से अधिक स्मारकों और संस्थानों को इस आयोजन से जोड़ा जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वेनिस बिएनाले की तर्ज पर यह आयोजन कला, संस्कृति और रचनात्मकता के विभिन्न आयामों को सामने लाएगा. हालांकि, इसकी पहचान पूरी तरह भारतीय संस्कृति और विरासत पर आधारित होगी.
पर्यटकों के लिए ट्रैफिक और मेट्रो की विशेष व्यवस्था
आयोजन में बड़ी संख्या में पर्यटकों और कला प्रेमियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष यातायात योजना तैयार की जाएगी. पुराना किला, लाल किला और कुतुब मीनार जैसे प्रमुख स्थलों के आसपास ट्रैफिक मैनेजमेंट किया जाएगा. पर्यटकों की सुविधा के लिए हॉप-ऑन हॉप-ऑफ हेरिटेज बस सेवा शुरू करने की योजना है.
इसके अलावा प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर बिएनाले से संबंधित साइनेज लगाए जाएंगे. व्यस्त दिनों में मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा. एमसीडी, एनडीएमसी और डीडीए को आयोजन स्थलों के आसपास सफाई, लाइटिंग, पार्किंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रदर्शनियों और अस्थायी संरचनाओं के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस की व्यवस्था भी की जाएगी.
108 युवा कलाकारों को मिलेगा मौका
भारत बिएनाले में युवाओं और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया जाएगा. देशभर से 108 युवा कलाकारों का चयन स्टूडेंट बिएनाले के लिए किया जाएगा. स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए विशेष भ्रमण और स्वयंसेवक बनने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे.
आयोजन में 19 देशों की सहभागिता प्रस्तावित है. अधिकारियों के अनुसार, 200 से अधिक प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और 40 प्रदर्शनियों की पुष्टि की गई है. इस महोत्सव का आयोजन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा. इसके साथ ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से प्रमुख ऐतिहासिक स्मारकों पर रात्रिकालीन रोशनी और हेरिटेज वॉक आयोजित करने की योजना है.
दिल्ली को वैश्विक कला राजधानी बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कलाकारों और पर्यटकों को दिल्ली की समृद्ध विरासत के साथ आधुनिक सुविधाएं और बेहतर नागरिक व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि भारत बिएनाले दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कला और संस्कृति के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा. आयोजन की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए शहरी विकास विभाग के सचिव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.