हर नए फोन में होनी चाहिए आधार ऐप, सरकार ने रखा फोन निर्माता कंपनियों के आगे प्रस्ताव; सैमसंग-एप्पल ने दिया ये जवाब

ऐसा हो सकता है कि जल्द ही सभी नए स्मार्टफोन्स में आधार ऐप प्री-इंस्टॉल आए. इसे लेकर भारत सरकार ने स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों के सामने प्रस्ताव रखा है. 

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: भारत सरकार ने स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों ने सभी डिवाइसेज में आधार ऐप को प्री-इंस्टॉल करने के लिए कहा है. बता दें कि आधार, सरकार का बायोमेट्रिक आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम है, जिसमें 1.34 अरब नागरिक रजिस्टर्ड हैं. हालांकि, Apple, Samsung और Google जैसी कंपनियों ने सरकार की इस मांग का विरोध किया है. बता दें कि सरकार की यह मांग उस विरोध के बाद आई है जो संचार साथी ऐप को लेकर हुआ था. 

एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने इस साल जनवरी महीने में फोन निर्माता कंपनियों के सामने एक प्रस्ताव रखा था कि आधार ऐप को नए फोन्स में प्री-इंस्टॉल किया जाएगा. बता दें कि यह मांग UIDAI की तरफ से आई थी. UIDAI ने IT मंत्रालय से Apple और Samsung जैसी स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए कहा था. 

कंपनियों ने जताई सुरक्षा और निजता से जुड़ी चिंताएं:

एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन फॉर इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है. Apple और Samsung जैसी कंपनियों ने सुरक्षा और निजता से जुड़ी चिंताएं जताई हैं. बता दें कि यह ये वही मुद्दे हैं, जो पिछले साल संचार साथी ऐप के दौरान इसी तरह के प्रस्ताव के दौरान उठाए गए थे. 

MAIT ने कहा है कि आधार ऐप को हर फोन में प्री-इंस्टॉल करने के लिए भारत और सभी एक्सपोर्ट मार्केट के लिए बनाए जाने वाले डिवाइस के लिए अलग-अलग प्रोडक्शन लाइनें रखनी पड़ेंगी. इससे लॉजिस्टिक्स की परेशानी भी आ सकती है. 

भारत सरकार क्यों चाहती है प्री-इंस्टॉल्ड आधार ऐप?

UIDAI ने इस साल जनवरी में नया आधार ऐप लॉन्च किया. इससे यूजर अपनी निजी जानकारी अपडेट कर सकते हैं. इसके अलावा परिवार की प्रोफाइल मैनेज कर सकते हैं और गलत इस्तेमाल से बचने के लिए बायोमेट्रिक डाटा को लॉक कर सकते हैं. सरकार ने तर्क देते हुए कहा है कि अगर ऐप फोन में पहले से इंस्टॉल रहती है तो इसकी पहुंच ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बढ़ेगी. इससे फायदा यह होगा कि ऐप को अलग से डाउनलोड नहीं करना होगा और लोग इसे इस्तेमाल कर पाएंगे. 

संचार साथी को भी प्री-इंस्टॉल करने के लिए कहा गया था?

संचार साथी ऐप के बारे में यह भी कहा गया था कि इसे सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए पुराने फोन में भी पहले से इंस्टॉल कर दिया जाएगा. यूजर्स के पास इसे डिसेबल (बंद) करने का कोई विकल्प नहीं होगा. वहीं, दूसरी तरफ ऐसा लगता है कि सरकार ने आधार ऐप के लिए इस तरह के किसी भी कदम पर कोई चर्चा नहीं की है. अब देखना यह होगा कि क्या आधार ऐप को प्री-इंस्टॉल किया जाएगा या नहीं.