नई दिल्ली: सर्दियों का मौसम धीरे-धीरे दस्तक दे रहा है. गर्मियों में दिन-रात चलने वाला एयर कंडीशनर सर्दियां आते ही बंद हो जाता है. ज्यादातर लोग रिमोट से एसी को बंद कर देते हैं. फिर मेन स्विच को बंद कर देते हैं. लोगों को लगता है कि ऐसा करने से एसी बंद हो जाएगा और वो खराब नहीं होगा. क्या आप जानते हैं कि लंबे समय तक एसी का इस्तेमाल न करने से पहले उसकी थोड़ी देखभाल करना जरूरी है?
एसी में फिल्टर में धूल जमा हो जाती है, जिससे वो खराब हो सकते हैं. इसके साथ ही अगर एसी की बंद करने से पहले सही से सफाई न की जाए तो उसके अंदर नमी बनी रहती है और ड्रेन पाइप में गंदगी जम जाती है. ऐसे में जब आप अगली गर्मी में एसी ऑन करते हैं तो पानी टपकने, बदबू आने और कम कूलिंग होने जैसी परेशानियां आती हैं. ऐसे में एसी बंद करने से पहले ये काम काफी अहम हैं.
एसी के अंदर जो फिल्टर लगा होता है, उसमें धूल या छोटे पार्टिकल्स जमा हो जाते हैं, जो इसे खराब कर सकते हैं. ऐसे में जब आप एसी बंद करें तो उसका फिल्टर निकालकर साफ जरूर करें. इसके लिए पहले एसी की बिजली सप्लाई बंद करें. फिर फिल्टर निकाले और धूल हटाने के लिए वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. फिल्टर को आप पानी से भी धो सकते हैं. फिर इसे अच्छे से सुखा लें और वापस एसी में लगा दें.
एसी चलते समय उसकी इनडोर यूनिट में नमी जमा होती है. लंबे समय तक बंद रखने से पहले इस नमी को कम करना बेहतर है. कुछ मॉडल में फैन ओनली मोड उपलब्ध होता है. इस मोड में पंखा चलाने से अंदर के हिस्सों को सूखने में मदद मिल सकती है. कितनी देर पंखा चलाना है, इसकी जानकारी अपने एसी के मैनुअल से लें. अगर एसी से बदबू आ रही है या पानी टपक रहा है, तो उसे नजरअंदाज न करें. ड्रेन पाइप और यूनिट की जांच टेक्नीशियन से करवाएं.
अगर आप कई महीनों तक AC इस्तेमाल नहीं करने वाले हैं, तो रिमोट से बंद करने के बाद उसकी बिजली सप्लाई भी बंद कर दें. इसके लिए मेन स्विच या सर्किट ब्रेकर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे AC के गलती से चालू होने की आशंका कम होती है. इससे स्टैंडबाय बिजली की खपत से भी बचने में मदद मिलती है.
जितनी जरूरी इनडोर यूनिट की सफाई है, उतनी ही जरूरी आउटडोर यूनिट की सफाई भी है. आउटडोर यूनिट के आसपास धूल, गंदगी आदि जम जाती है. इसे साफ करना जरूरी है. यूनिट के अंदर लगे पुर्जों को खुद से खोलकर साफ न करें. इसके लिए टेक्निशियन की मदद लें.
अगर एसी से बदबू आती है, कूलिंग कम हो गई है, पानी टपकता है या कुछ अलग आवाज सुनाई देती है, तो सर्दियों में बंद करने से पहले उसकी जांच कराना जरूरी है. टेक्नीशियन की मदद से कॉइल, ड्रेन पाइप और दूसरे जरूरी हिस्सों की सफाई या जांच कर सकता है.