Bigg Boss 20

फोन बेचने से पहले या हैंग होने पर Android को करें Reset, डेटा बचाने का ये है आसान और सुरक्षित तरीका

फोन स्लो हो गया है या आप उसे बेचने की सोच रहे हैं? दोनों ही सूरत में फैक्ट्री रीसेट काम आता है. जानिए इसे सेफ तरीके से करने का पूरा प्रोसेस.

Pinterest
Reepu Kumari

Tech Tips: लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद स्मार्टफोन में सॉफ्टवेयर से जुड़ी दिक्कतें आना आम बात है. जमा हुआ कैश और दूसरी रुकावटें फोन को धीमा कर देती हैं. अगर टेम्परेरी फिक्स काम न करें, तो फैक्ट्री रीसेट ही सबसे कारगर उपाय बचता है. फोन बेचने से पहले भी पर्सनल डेटा हटाने के लिए यह जरूरी कदम है. Android यूजर्स इसे दो तरीकों से पूरा कर सकते हैं.

फोन बेचने से पहले क्यों करें यह प्रोसेस

अगर आप अपना पुराना फोन बेचने या किसी को देने का मन बना रहे हैं, तो फैक्ट्री रीसेट करना बेहद जरूरी है. इससे आपके सभी पर्सनल फोटो, मैसेज, अकाउंट डिटेल्स और पहचान से जुड़ी जानकारी पूरी तरह डिलीट हो जाती है. ऐसा न करने पर आपका निजी डेटा किसी अनजान व्यक्ति के हाथ लग सकता है, जिससे आगे चलकर परेशानी खड़ी हो सकती है.

रीसेट से पहले जरूर करें यह काम

फैक्ट्री रीसेट करने से पहले एक जरूरी सावधानी बरतनी बेहद जरूरी है. अपने फोन में सेव सभी कॉन्टैक्ट्स, फोटो और बाकी अहम डेटा का बैकअप जरूर ले लें. इसके लिए आप गूगल अकाउंट या किसी एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव का इस्तेमाल कर सकते हैं. बैकअप लिए बिना रीसेट करने पर आपका सारा डेटा हमेशा के लिए गायब हो सकता है, इसलिए यह कदम भूलें नहीं.


Settings के जरिए ऐसे करें रीसेट

सबसे पहले अपना Android फोन अनलॉक करें और Settings मेन्यू खोलें. इसके बाद नीचे स्क्रॉल करते हुए System सेक्शन पर जाएं और Reset options पर टैप करें. यहां Erase all data यानी फैक्ट्री रीसेट के ऑप्शन को चुनें. अगली स्क्रीन पर दिख रहे इरेज बटन पर टैप करें और कन्फर्म करने के लिए अपना फोन पिन डालें. कुछ ही सेकंड में फोन रीस्टार्ट होकर डेटा डिलीट करना शुरू कर देगा.

Recovery Mode से भी हो सकता है यह काम

अगर फोन हैंग हो चुका है और Settings खोलना मुश्किल है, तो रिकवरी मोड मददगार साबित होता है. पहले फोन को बंद करें, फिर पावर और वॉल्यूम डाउन बटन एक साथ दबाकर रखें जब तक fastboot मेन्यू न खुल जाए. वॉल्यूम बटन से Recovery Mode चुनें और पावर बटन दबाकर कन्फर्म करें. जब स्क्रीन पर 'No command' दिखे, तो पावर बटन दबाकर वॉल्यूम अप बटन जल्दी दबाकर छोड़ें, फिर रिकवरी मेन्यू खुल जाएगा.

आखिरी स्टेप्स भी जान लें

रिकवरी मेन्यू खुलने के बाद पावर बटन को दोबारा दबाए रखें और साथ ही वॉल्यूम अप बटन को दबाकर छोड़ दें. अब वॉल्यूम बटन्स की मदद से Wipe data or Factory reset ऑप्शन तक पहुंचें और इसे चुनने के लिए पावर बटन दबाएं. इसके बाद बस कुछ सेकंड का इंतजार करना होगा, फिर आपका फोन अपने आप रीबूट होकर पूरी तरह फैक्ट्री रीसेट हो जाएगा.