₹15,000 का स्मार्टफोन बनाने में कितना खर्च आता है? जानें कितना कमाती है कंपनी

आज के दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. किसी के पास महंगा फोन है तो कोई बजट स्मार्टफोन इस्तेमाल करता है. भारतीय बाजार में ₹10,000 से लेकर लाखों रुपये तक के स्मार्टफोन उपलब्ध हैं.

ChatGPT
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: आज के दौर में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. किसी के पास महंगा फोन है तो कोई बजट स्मार्टफोन इस्तेमाल करता है. भारतीय बाजार में ₹10,000 से लेकर लाखों रुपये तक के स्मार्टफोन उपलब्ध हैं. खासकर ₹15,000 के आसपास वाले फोन की मांग काफी रहती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस फोन को आप बाजार से ₹15,000 में खरीदते हैं, उसे बनाने में कंपनी को वास्तव में कितना खर्च करना पड़ता है? क्या मोबाइल कंपनियां एक फोन पर हजारों रुपये का मुनाफा कमाती हैं? 

अगर आपने कभी इस बारे में नहीं सोचा है, तो यहां हम आपको एक फोन को बनाने का पूरा ब्रेकडाउन दे रहे हैं. ₹15,000 के स्मार्टफोन की असली मेकिंग कॉस्ट कितनी आती है और आप से इतने पैसे क्यों वसूले जाते हैं, चलिए जानते हैं. 

₹15,000 के स्मार्टफोन की असली मेकिंग कॉस्ट कितनी?

एक ₹15,000 के स्मार्टफोन को तैयार करने में कंपनी का खर्च लगभग ₹7,500 से ₹9,000 तक हो सकता है. इसमें फोन के अलग-अलग पार्ट्स और उनकी असेंबलिंग का खर्च शामिल होता है. इसमें सबसे महंगे पार्ट्स प्रोसेसर और डिस्प्ले होते हैं. आजकल बजट स्मार्टफोन में भी 5G प्रोसेसर और AMOLED डिस्प्ले मिलने लगे हैं. इन दोनों पर करीब ₹3,500 से ₹4,500 तक खर्च हो सकता है.


इसके अलावा कैमरा, रैम और इंटरनल स्टोरेज पर लगभग ₹2,000 से ₹2,500 खर्च होते हैं. बैटरी, चार्जर, फोन की बॉडी और दूसरे छोटे पार्ट्स पर करीब ₹1,500 का खर्च आता है. इस तरह फोन को फैक्ट्री में तैयार करने की लागत लगभग ₹7,500 से ₹9,000 तक पहुंच जाती है.

GST और विज्ञापन पर भी खर्च करती हैं कंपनियां:

अब सवाल उठता है कि जब फोन बनाने में करीब ₹8,500 खर्च होते हैं, तो ग्राहक से ₹15,000 क्यों लिए जाते हैं? इसका कारण है बाकी के खर्च. फोन बनाने के अलावा कंपनी को कई दूसरे खर्च भी उठाने पड़ते हैं. भारत में स्मार्टफोन पर 18 प्रतिशत जीएसटी लागू है. ₹15,000 की टैक्स समेत कीमत में लगभग ₹2,288 जीएसटी का हिस्सा होता है.

इसके अलावा रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर भी पैसा खर्च किया जाता है. इसमें इंजीनियर फोन का डिजाइन, सॉफ्टवेयर और नए फीचर्स तैयार करते हैं. कंपनियां अपने फोन की बिक्री बढ़ाने के लिए टीवी, सोशल मीडिया और सेलिब्रिटी विज्ञापनों पर भी पैसा खर्च करती हैं. अनुमान के मुताबिक, मार्केटिंग और ब्रांडिंग पर प्रति फोन करीब ₹1,000 से ₹1,500 तक खर्च हो सकता है.

दुकानदार और डिस्ट्रीब्यूटर को भी मिलता है कमीशन:

फोन फैक्ट्री से निकलने के बाद फोन सीधे ग्राहक तक नहीं पहुंचता. यह पहले डिस्ट्रीब्यूटर, फिर होलसेलर और आखिर में मोबाइल दुकान या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पहुंचता है. इस पूरे प्रोसेस में दुकानदारों और डिस्ट्रीब्यूटर्स का कमीशन भी शामिल होता है. इस पर कुल मिलाकर लगभग ₹1,200 से ₹1,800 तक खर्च हो सकता है. इसके अलावा कंपनी को वारंटी, सर्विस सेंटर, ट्रांसपोर्ट और अन्य सेवाओं का खर्च भी उठाना पड़ता है.

एक फोन पर कितना मुनाफा कमाती है कंपनी?

अगर इन सभी खर्चों को जोड़कर देखें तो ₹15,000 के स्मार्टफोन पर कंपनी का मुनाफा लगभग ₹500 से ₹1,000 तक हो सकता है. हालांकि, यह आंकड़ा फोन के मॉडल, कंपनी और बिक्री के तरीके के अनुसार बदल सकता है. यही वजह है कि स्मार्टफोन कंपनियां हर फोन पर बड़ा मुनाफा कमाने के बजाय ज्यादा से ज्यादा फोन बेचने पर ध्यान देती हैं.