Google News: गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट कथित तौर पर साइबर सुरक्षा स्टार्ट-अप विज़ को लगभग 23 बिलियन डॉलर में खरीदने के लिए बातचीत कर रही है . कहा जा रहा है यह समझौता कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ा अधिग्रहण होगा. वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस डील को लेकर बातचीत चल रही है. इस दौरान कई मसलों पर दोनों पक्षों के बीच वार्ता हो रही है.
रिपोर्ट के अनुसार, अगर यह सौदा हो जाता है तो यह एंटीट्रस्ट रेगुलेटर्स के लिए एक बड़ी परीक्षा होगी. रेगुलेटर्स हाल के वर्षों में तकनीकी दिग्गजों द्वारा किए गए बड़े समझौतों की जांच कर रहे हैं.
अल्फाबेट का आखिरी बड़ा अधिग्रहण एक दशक पहले मोटोरोला मोबिलिटी की $12.5 बिलियन की खरीद थी. दो साल पहले ही कंपनी ने मैंडिएंट का $5.4 बिलियन डॉलर में अधिग्रहण किया था. कंपनी द्वारा विज का अधिग्रहण साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा महत्वपूर्ण कदम होगा.
इजरायली संस्थापक और Microsoft के पूर्व कार्यकारी असफ रैपापोर्ट के नेतृत्व वाली इस कंपनी का मूल्यांकन हाल ही में 12 बिलियन डॉलर था. इसके समर्थकों में वेंचर कैपिटल फर्म Sequoia और Thrive शामिल हैं. Wiz के पास तेल अवीव में अनुसंधान और विकास सुविधाएँ हैं. Wiz कंपनियों को उनके क्लाउड प्रोग्राम सुरक्षित करने में मदद करता है. साल 2020 में स्थापित और न्यूयॉर्क में मुख्यालय वाली Wiz ने निवेशकों से लगभग 2 बिलियन डॉलर जुटाए हैं.
विज का सौदा यदि सफल हो जाता है तो यह टेक इंडस्ट्री के इतिहास के प्रमुख सौदों में से एक होगा. हालांकि इस पर Wiz और Google दोनों ने ही बातचीत से मना कर दिया है. कंपनी ने लगातार दूसरी बार $350 मिलियन डॉलर का राजस्व अर्जित किया है.