Tamil Nadu Assembly Election 2026

दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग रची साजिश, शराब में जहर मिलाकर पति को पिलाकर मार डाला; आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की शराब में जहर मिलाकर हत्या कर दी. शव को नहर में फेंक दिया गया था. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest
Km Jaya

काशीपुर: काशीपुर में एक चौंकाने वाली हत्या का खुलासा हुआ है, जहां दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि एक साल पुराने प्रेम संबंध ने 10 साल पुराने रिश्ते को खत्म कर दिया. आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जेल भेज दिया गया है.

मामला उधम सिंह नगर के काशीपुर का है. पुलिस के अनुसार 1 मई को रामपुर स्वार के खानपुर उत्तरी गांव निवासी चंद्रवती ने अपने 32 वर्षीय बेटे कुलवंत सिंह की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि उनका बेटा 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने बांसखेड़ा गया था लेकिन वापस नहीं लौटा.

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

जब परिवार ने गुड्डी से पूछताछ की तो उसने अनजान बनने की कोशिश की. पुलिस जांच के दौरान गुड्डी और मसवासी निवासी कपिल मौर्य उर्फ राहुल के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी मिली. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने हत्या की साजिश कबूल कर ली.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक गुड्डी ने बताया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इससे परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर चार दिन पहले हत्या की योजना बनाई. घटना से पहले वह अपने प्लॉट पर तिरपाल डालकर रहने लगी ताकि योजना को आसानी से अंजाम दिया जा सके.

क्या है पूरा मामला?

25 अप्रैल की रात गुड्डी ने पति कुलवंत सिंह और प्रेमी कपिल को अपने प्लॉट पर बुलाया. वहां पार्टी के नाम पर शराब मंगवाई गई. आरोप है कि गुड्डी और कपिल ने कुलवंत की शराब और बीयर में सल्फास की गोलियां मिला दीं. जहरीली शराब पीने के बाद कुलवंत की मौत हो गई.

इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को कार में रखा और हाईवे बाईपास पुल के पास नहर में फेंक दिया. शिकायत के आठ दिन बाद पुलिस और SDRF टीम ने शव बरामद किया. पोस्टमार्टम के बाद हत्या की पुष्टि हुई.

क्या लिया गया एक्शन?

पुलिस ने बताया कि कुलवंत और गुड्डी की शादी 10 साल पहले हुई थी. उनके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक तीन साल की बेटी शामिल है. घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले की आगे जांच जारी है.