देहरादून के एक पॉश इलाके में हुई लाखों रुपये के गहनों की चोरी का खुलासा बेहद अनोखे तरीके से हुआ. करीब एक साल पहले गायब हुए डायमंड और सोने के गहनों की तस्वीरें जब घर में काम कर चुकी नौकरानी के वॉट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील्स में दिखाई दीं, तो मकान मालकिन तुरंत उन्हें पहचान गईं. इसके बाद उन्होंने सबूत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.
जाखन स्थित दून रिपब्लिक अपार्टमेंट में रहने वाली नितिशा वत्स के घर से करीब एक वर्ष पहले दो डायमंड की अंगूठियां, एक सोने की चेन और डायमंड हार्ट पेंडेंट चोरी हो गए थे. उस समय काफी तलाश के बावजूद गहनों का कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार उन्होंने यह मान लिया कि शायद गहने उनकी ही लापरवाही से कहीं रखे रह गए होंगे.
नितिशा को उस समय अपनी घरेलू सहायिका विमला देवी पर शक हुआ था. जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने खुद पुलिस के पास चलने की बात कही. उनके आत्मविश्वास ने मकान मालकिन का संदेह कमजोर कर दिया. इसी वजह से मामला आगे नहीं बढ़ सका और गहनों की तलाश भी धीरे-धीरे बंद हो गई.
29 जून 2026 को नितिशा सोशल मीडिया देख रही थीं, तभी उनकी नजर पूर्व नौकरानी के वॉट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम रील्स पर पड़ी. वीडियो में विमला वही सोने की चेन और डायमंड हार्ट पेंडेंट पहने दिखाई दीं, जो एक साल पहले गायब हुए थे. गहनों को पहचानते ही उन्होंने तुरंत स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिए और पुराने खरीद बिल भी निकाल लिए.
नितिशा ने उसी दिन जाखन पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर सभी डिजिटल सबूत जमा कर दिए. शुरुआती दिनों में महिला पुलिसकर्मी की कमी और अन्य प्रशासनिक कारणों से पूछताछ शुरू नहीं हो सकी. इसी दौरान आरोपी के पिता का फोन आने पर उन्हें आशंका हुई कि कहीं गहने बेच न दिए जाएं, जिससे उन्होंने मामले को और गंभीरता से उठाया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान उसके पास से कुछ गहने भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि बाकी गहने कहां हैं.