तुंगनाथ मंदिर के गर्भगृह का वीडियो वायरल, पुरोहितों ने दी सख्त चेतावनी

तुंगनाथ मंदिर दुनिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर माना जाता है. यह 12,000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर स्थित है. केदारनाथ, मदमहेश्वर और कल्पेश्वर के साथ यह पंच केदारों में शामिल है. लाखों श्रद्धालु हर साल यहां दर्शन करने आते हैं. मंदिर की परंपराएं सदियों पुरानी हैं और इन्हें बनाए रखना हर किसी की जिम्मेदारी है.

X
Antima Pal

रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है. मंदिर के गर्भगृह और अंदरूनी हिस्से का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीर्थ पुरोहितों ने नाराजगी जताई है. पुरोहितों ने इसे मंदिर की प्राचीन परंपराओं का उल्लंघन बताया और वीडियो तुरंत हटाने की चेतावनी दी है.

तुंगनाथ मंदिर के गर्भगृह का वीडियो वायरल

पंच पुरोहित अध्यक्ष रविन्द्र मैठाणी ने बताया कि हर्षित नाम के एक व्यक्ति ने मंदिर के गर्भगृह का वीडियो बनाकर फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर दिया. उन्होंने कहा कि तुंगनाथ धाम में गर्भगृह और मंदिर के अंदर वीडियो बनाने या फोटो खींचने की सख्त मनाही है. यह नियम सभी श्रद्धालुओं के लिए लागू है.

पुरोहितों का कहना है कि ऐसे वीडियो धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन हैं. इससे भगवान की पवित्रता प्रभावित होती है और आस्था से जुड़े भावनाओं को ठेस पहुंचती है. उन्होंने संबंधित व्यक्ति से अपील की है कि वह तुरंत वीडियो हटा दें, वरना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

तुंगनाथ धाम की खासियत

तुंगनाथ मंदिर दुनिया का सबसे ऊंचा शिव मंदिर माना जाता है. यह 12,000 फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर स्थित है. केदारनाथ, मदमहेश्वर और कल्पेश्वर के साथ यह पंच केदारों में शामिल है. लाखों श्रद्धालु हर साल यहां दर्शन करने आते हैं. मंदिर की परंपराएं सदियों पुरानी हैं और इन्हें बनाए रखना हर किसी की जिम्मेदारी है.

पुरोहितों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि मंदिर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल सीमित रखें और गर्भगृह के अंदर बिल्कुल वीडियो या फोटो न बनाएं. उन्होंने कहा कि भक्ति भाव से दर्शन करें, नियमों का पालन करें ताकि मंदिर की पवित्रता बनी रहे.