पेपर बनाने वाले प्रोफेसर ने ही किया लीक! UTU परीक्षा घोटाला मामले में आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी की दो परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को हिरासत में लिया है. दोनों परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं और अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी.

social media
Kuldeep Sharma

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं. जांच में एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर परीक्षा से पहले छात्रों तक प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल पहुंचाने का आरोप सही पाया गया. पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और विश्वविद्यालय ने भी सख्त कदम उठाए हैं.

प्रोफेसर पर पेपर लीक कराने का आरोप

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी की दो सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में देहरादून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार गुप्ता को हिरासत में लिया है. विश्वविद्यालय की जांच समिति और कॉलेज की आंतरिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए. शिकायत के अनुसार आरोपी ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल साझा किए, जिससे परीक्षा की गोपनीयता भंग हुई.

दो परीक्षाएं रद्द, कानूनी कार्रवाई शुरू

विश्वविद्यालय प्रशासन ने 'मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स' और 'इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी' विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं. परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. विश्वविद्यालय का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी.


सख्त फैसले और नई परीक्षा की तैयारी

वाइस चांसलर डॉ. तृप्ता ठाकुर ने बताया कि आरोपी प्रोफेसर को अगले सात वर्षों तक विश्वविद्यालय की सभी परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों से प्रतिबंधित कर दिया गया है. वहीं, शिवालिक कॉलेज ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं और संस्थान को भी कड़ी चेतावनी जारी की गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. दोनों रद्द परीक्षाएं अगस्त के तीसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी, जिसकी नई तिथि जल्द जारी होगी.