उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, बारिश-बर्फबारी से लोगों को मिली राहत; कई जिलों में खिली धूप

उत्तराखंड में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है. लगातार बारिश और बर्फबारी के बाद अब कई जिलों में साफ आसमान और धूप खिलने वाली है. पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने से आज केवल पांच सीमांत जिलों में हल्की बारिश संभव है.

ANI
Reepu Kumari

हरिद्वार: उत्तराखंड के लोगों को मार्च के आखिरी दिनों से झेली जा रही बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से आखिरकार राहत मिल गई है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है, जिससे मौसम में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है. आज 10 अप्रैल शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप खिलने वाली है, जो लोगों के लिए वीकेंड से पहले अच्छी खबर है. पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाएं जरूर चलेंगी, लेकिन बारिश का सिलसिला लगभग थम गया है.

पहाड़ों से लेकर मैदानों तक जनजीवन अब सामान्य होने लगा है. जिन इलाकों में पिछले दिनों भारी बारिश और बर्फबारी ने परेशानी बढ़ाई थी, वहां अब सुकून भरी सुबह देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है.

उत्तराखंड के 8 जिलों में साफ आसमान

आज देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल और अल्मोड़ा में मौसम साफ और सुहाना रहेगा. इन जिलों में धूप खिलने के साथ ही आसमान नीला नजर आएगा. हालांकि शाम को हल्के बादल छा सकते हैं. पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं दिन की गर्माहट को कुछ कम जरूर कर देंगी.

सीमांत जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज हल्की बारिश हो सकती है. ऊंची चोटियों पर 3800 मीटर से ऊपर हल्की बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा. निचले इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत बेहतर रहेगा. ट्रैकिंग करने वाले युवाओं को ऊंचाई वाले रास्तों पर सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि ताजी बर्फ से फिसलन बढ़ गई है.

कल शनिवार को भी यही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 11 अप्रैल को भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. पांच सीमांत जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि बाकी आठ जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहेगा. ठंडी हवाओं का असर सेहत पर पड़ सकता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें.

देहरादून-हरिद्वार में बढ़ेगा तापमान

देहरादून में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री रहेगा. हरिद्वार और आसपास भी धूप खिलेगी. पंतनगर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है. शाम को हल्के बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश नहीं होगी.

पहाड़ी इलाकों में सुहाना माहौल

मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 3 डिग्री रहेगा. अल्मोड़ा में 26 डिग्री तक तापमान चढ़ सकता है. टिहरी में 19 डिग्री अधिकतम रहेगा. इन इलाकों में सुबह साफ धूप रहेगी, लेकिन शाम को आंशिक बादल छा सकते हैं. कुल मिलाकर प्रदेश में मौसम अब लोगों के अनुकूल हो रहा है.

मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर क्षेत्र में आज 10 अप्रैल शुक्रवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री से बढ़कर 18 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री ही रहेगा. मुक्तेश्वर और आसपास के क्षेत्र में आज आसमान पूरी तरह से साफ और नीला रहेगा, लेकिन शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. टिहरी क्षेत्र में आज का अधिकतम तापमान 13 डिग्री से बढ़कर 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रहने वाला है.

टिहरी क्षेत्र के आसपास वाले इलाकों में आज आसमान साफ रहेगा और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा क्षेत्र में आज का अधिकतम तापमान 22 डिग्री से बढ़कर 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से बढ़कर 7 डिग्री रहेगा. अल्मोड़ा में भी सुबह के समय आसमान पूरी तरह साफ रहेगा लेकिन दोपहर बाद आंशिक रूप से बदल देखे जा सकते हैं.