Asian Games 2026

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

उत्तराखंड में मानसून की विदाई से पहले मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. 22 और 23 सितंबर को पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि 25 सितंबर को छह जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना जताई गई है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाए रहने से मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

IMD के मुताबिक 22 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है. इन जिलों के अलावा प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.

 23 सितंबर को भी सीमित बारिश

23 सितंबर को भी मौसम का पैटर्न लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. पर्वतीय इलाकों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ इन क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों को स्थानीय मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है. बारिश की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी होगा.


25 सितंबर को छह जिलों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज ज्यादा सक्रिय हो सकता है. बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने के साथ तेज से बहुत तेज बारिश भी हो सकती है. ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे रुकने से बचने की जरूरत होगी.

बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क की स्थिति प्रभावित हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रियों को सफर से पहले स्थानीय मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है. स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी होने वाले किसी भी अपडेट या चेतावनी का पालन करना जरूरी होगा.