Uttarakhand Weather: सावधान! पहाड़ों पर बढ़ा खतरा, देहरादून समेत कई जिलों में भूस्खलन और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी
उत्तराखंड में शुक्रवार के लिए देहरादून सहित छह जिलों में भारी बारिश, गरज चमक और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट जारी किया गया है. पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका है.
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. देहरादून समेत छह जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है. लोगों से सतर्क रहने और मौसम को देखते हुए ही यात्रा करने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज चमक के साथ तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. पर्वतीय इलाकों में मौसम अचानक बदलने और वर्षा की तीव्रता बढ़ने की आशंका भी जताई गई है.
मौसम विभाग ने क्या दी है चेतावनी?
विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है. कई स्थानों पर सड़कें बाधित होने और नदियों तथा नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है. ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. स्थानीय प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है.
Also Read
पर्वतीय जिलों में कैसी है स्थिति?
मौसम विभाग ने कहा है कि पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है और कुछ क्षेत्रों में बारिश तेज से अति तेज हो सकती है. वहीं मैदानी जिलों में भी गरज चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. लोगों से खुले मैदानों, खेतों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में दिनभर बादलों का डेरा बना रहा. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बौछारें दर्ज की गईं. दिन में कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम होते ही फिर काले बादल छा गए और कई क्षेत्रों में बारिश की स्थिति बन गई. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ समय तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.