Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पर्वतीय इलाकों के लिए मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

उत्तराखंड में फिलहाल बारिश का दौर धीमा पड़ गया है और धूप निकलने से मैदानों में गर्मी व उमस बढ़ गई है. चलिए जानते आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ गया है. सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली. धूप निकलने से मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहे. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है.

राजधानी देहरादून सहित कई शहरों में लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ा. लगातार बारिश के बाद अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. मौसम साफ रहने के कारण प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इससे दिन के समय गर्मी का असर पहले की तुलना में अधिक महसूस किया गया.

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है. ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के छोटे दौर भी देखने को मिल सकते हैं. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.


मैदानी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?

मैदानी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है. हालांकि कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने लोगों से विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने और खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

कितना है तापमान?

प्रदेश के विभिन्न शहरों के तापमान में भी बदलाव दर्ज किया गया है. देहरादून का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नई टिहरी का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ा है और आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में रुक रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.