SIR

पहाड़ों पर बारिश का कहर, उत्तराखंड के इन 10 जिलों में अलर्ट जारी; प्रशासन ने दी ये चेतावनी

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते 10 जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. भूस्खलन, जलभराव और सड़कें बंद होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार के लिए देहरादून, नैनीताल समेत 10 जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 

खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें. लगातार बारिश के कारण मैदानी इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं. प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और नदी नालों से दूर रहने की अपील कर रहा है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, उधम सिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है. इनमें नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है जबकि देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. अगले दो से तीन दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट भी जारी रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.


कैसी है वहां की स्थिति?

पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं. हरिद्वार के रुड़की और उधम सिंह नगर के काशीपुर में जलभराव की गंभीर स्थिति देखने को मिली है. वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं. यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन से प्रभावित हुआ है और हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है. गंगोत्री हाईवे पर भी कई स्थानों पर मार्ग बार बार बंद और चालू होने की स्थिति बनी रही जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

लगातार बारिश के कारण राज्य की नदियों और झीलों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है. हालांकि अधिकांश नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. नैनीताल झील का जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर झील में नौकायन पर रोक लगा दी गई है. लगातार वर्षा के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है जिससे मौसम ठंडा हो गया है.

कल देहरादून में कैसा था मौसम?

देहरादून में गुरुवार को पूरे दिन झमाझम बारिश होती रही. शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. शाम के समय बारिश थमने पर लोगों को कुछ राहत जरूर मिली लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. 

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में बंद सड़कों को युद्ध स्तर पर खोलने के निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से नदी, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है.