menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का कहर, पहाड़ों पर बारिश बनी आफत; 9 जिलों में अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने से लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने देहरादून समेत नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मानसून का कहर, पहाड़ों पर बारिश बनी आफत; 9 जिलों में अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest (Representative image)

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है और राज्य के पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक लगातार बारिश का दौर जारी है. बीते कुछ दिनों से हो रही वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में उमस से लोगों को राहत मिली है. हालांकि पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश अब परेशानी का कारण भी बनने लगी है. कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित कुल नौ जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

कैसा था कल का मौसम?

मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 107 मिलीमीटर बारिश पंतनगर में दर्ज की गई. कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में भारी वर्षा के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा. कई सड़कों पर जलभराव और फिसलन की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कुछ ग्रामीण संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित होने की भी जानकारी सामने आई है.

राजधानी में कैसा था मौसम?

राजधानी देहरादून में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा और दिनभर रुक रुक कर बारिश होती रही. कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. हालांकि लगातार बारिश के कारण तापमान में कमी आई और लोगों को उमस से काफी राहत महसूस हुई. मौसम सुहावना होने के बावजूद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

मौसम विभाग ने क्या दी चेतावनी?

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है. कुछ स्थानों पर बारिश का दौर तीव्र से अति तीव्र हो सकता है. वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.