उत्तराखंड में मौसम दे रहा बड़ा खतरे का संकेत, चारधाम यात्रियों के लिए 2 दिन का अलर्ट
उत्तराखंड में 16 मई तक बारिश, आंधी, ओले और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी हुआ है. चारधाम यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
देहरादून: मौसम विभाग ने 11 मई से 16 मई के बीच उत्तराखंड में मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान लगाया है. राज्य के पहाड़ी इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की उम्मीद है. जबकि ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. वहीं मैदानी इलाकों में भी कुछ दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है.
चार धाम यात्रा के लिए 12 और 13 मई को विशेष अलर्ट जारी किया गया है. गढ़वाल कमिश्नर ने श्रद्धालुओं से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है. पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है.
मौसम निदेशक ने क्या दी है चेतावनी?
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने सोमवार को पहाड़ी जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया. उन्होंने चेतावनी दी कि 40 से 50 किमी/घंटा की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और बिजली गिरने की भी आशंका है. पिछले 24 घंटों में मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे रहा है.
चार धाम यात्रियों के लिए क्या है प्लानिंग?
मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों विशेषकर पहाड़ी इलाकों में बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसे देखते हुए गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने चार धाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान मौसम के ताजा अपडेट जरूर लेते रहें. उन्होंने उनसे सावधानी के साथ अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया.
कमिश्नर ने श्रद्धालुओं से क्या किया अनुरोध?
कमिश्नर ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे 12 और 13 मई के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें क्योंकि मौजूदा मौसम की स्थिति संवेदनशील है. यदि संभव हो तो मौसम के सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक उचित रहेगा.
तीर्थयात्रियों को यह भी सलाह दी जाती है कि वे अपनी पूरी यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी किए गए दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चार धाम यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
और पढ़ें
- मर्डर केस में जेल में बीते 6 साल; अब कोर्ट ने बताया निर्दोष, सिस्टम ने निगल ली 12वीं पास युवक की उम्मीदें!
- दो बच्चों की मां ने प्रेमी संग रची साजिश, शराब में जहर मिलाकर पति को पिलाकर मार डाला; आरोपी गिरफ्तार
- उत्तराखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर, 4-5 मई को भारी बारिश का खतरा; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट