सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर: उत्तराखंड हाईकोर्ट में 398 पदों पर भर्ती शुरू, इस तारीख तक करें आवेदन

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने हाईकोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों में समूह-ग के 398 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. इच्छुक अभ्यर्थी 22 जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.

x
Sagar Bhardwaj

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड से बड़ी खबर आई है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों में समूह-ग के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. कुल 398 रिक्त पदों को भरने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी. आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की है. अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे.

22 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

UKSSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. इसलिए इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है. परीक्षा की संभावित तिथि 23 अगस्त 2026 तय की गई है, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसमें बदलाव भी किया जा सकता है.

इन दस्तावेजों की होगी जरूरत

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की दोनों तरफ की प्रति ऑनलाइन अपलोड करनी होगी. नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए ये दस्तावेज अनिवार्य रखे गए हैं. इसके अलावा आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी और उपश्रेणी से संबंधित प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे. आयोग ने कहा है कि अधूरे दस्तावेजों के साथ किए गए आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं.


किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कनिष्ठ सहायक (सिविल न्यायालय) के 230 पद, कनिष्ठ सहायक (कुटुंब न्यायालय) के 29 पद, आशुलिपिक ग्रेड-1 (सिविल न्यायालय) के 128 पद और आशुलिपिक ग्रेड-1 (कुटुंब न्यायालय) के 11 पद भरे जाएंगे. इस प्रकार कुल 398 रिक्तियों पर नियुक्तियां की जाएंगी. भर्ती प्रक्रिया से न्यायालयों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी.

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है. न्यायालयों में नौकरी पाने का अवसर सीमित समय पर ही मिलता है, इसलिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आवेदन करने की संभावना है. आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन भरने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने और आवश्यक प्रमाणपत्र तैयार रखने की अपील की है. समय पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार परीक्षा की तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेंगे.