menu-icon
India Daily

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, गदरपुर से युवक गिरफ्तार; डिजिटल जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे

उत्तराखंड एसटीएफ ने गदरपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का आरोप है. जांच में संदिग्ध चैट, विदेशी संपर्कों और संभावित नेटवर्क के संकेत मिले हैं.

KanhaiyaaZee
उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, गदरपुर से युवक गिरफ्तार; डिजिटल जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे
Courtesy: Social Media

देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर से मोहम्मद सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी का आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था. डिजिटल जांच के दौरान कई संदिग्ध जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर एजेंसियां अब उसके संभावित विदेशी, सीमापार और अंतरराज्यीय संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं.

एसटीएफ के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में कई समूहों और चैट्स मिली हैं. इनमें कथित तौर पर जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी विचारों से जुड़ी सामग्री साझा की जा रही थी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था और किन लोगों तक यह नेटवर्क पहुंच चुका था.

विदेशी संपर्कों की जांच तेज

प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे डिजिटल संकेत मिले हैं, जिनसे अंतरराष्ट्रीय और सीमापार संपर्कों की संभावना जताई जा रही है. एसटीएफ का दावा है कि कुछ चैट्स में हथियारों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी बातचीत भी सामने आई है. इन तथ्यों की पुष्टि के लिए तकनीकी और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है.

रामपुर कनेक्शन भी आया सामने

पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक युवक से संपर्क होने की जानकारी मिली. इसके बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पूछताछ के लिए बुलाया. जांच में सामने आया कि उसे भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी. फिलहाल उसके मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है.

डिलीट चैट्स और नए खुलासे

आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने कुछ चैट्स और संपर्कों को हटाने का प्रयास किया था. एजेंसियां अब डिजिटल रिकवरी के माध्यम से उन जानकारियों को पुनः प्राप्त करने की कोशिश कर रही हैं. जांच के दौरान कई संवेदनशील जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है, जिनकी पुष्टि की प्रक्रिया जारी है.

नेटवर्क के अन्य लिंक पर नजर

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े सभी संपर्कों और डिजिटल कड़ियों की जांच की जा रही है. एजेंसी का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पहचान करने पर विशेष ध्यान दे रही हैं.