कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में पहुंचे CM धामी, महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए गिनाईं सरकारी योजनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी.

@ukcmo
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के लिए राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी.

सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है. इसका उद्देश्य महिलाओं की सरकारी सेवाओं में भागीदारी बढ़ाना है.


लखपति दीदी योजना से तीन लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

सीएम धामी ने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं. इसके अलावा राज्य में 70 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूह संचालित हैं. ये समूह महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, छोटे व्यवसाय शुरू करने और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं.

एकल महिलाओं को 75 प्रतिशत तक अनुदान

मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारी समितियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है. वहीं, एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और एकल महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने में मदद करना है.