Commonwealth Games 2026

वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हुई नैनीताल की मालरोड, चिड़ियाघर और केव गार्डन में उमड़ी भारी भीड़

वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली. शहर की पार्किंग पूरी तरह भर गईं, पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक रही और होटल-होमस्टे में 70 प्रतिशत से अधिक बुकिंग दर्ज की गई.

X
Ashutosh Rai

उत्तराखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल इस वीकेंड पर्यटकों से पूरी तरह गुलजार नजर आया. मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे. शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, बाजारों और नैनी झील के आसपास दिनभर चहल-पहल का माहौल बना रहा.

पर्यटन स्थलों पर दिनभर उमड़ी भीड़

वीकेंड की शुरुआत के साथ ही नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी. हिमालय दर्शन, स्नो व्यू, पंगोट, नैना देवी मंदिर, टिफिन टॉप और अन्य दर्शनीय स्थानों पर पर्यटकों की अच्छी मौजूदगी रही. सबसे अधिक भीड़ चिड़ियाघर, केव गार्डन और वाटर फॉल में देखने को मिली. चिड़ियाघर में 1800 से ज्यादा पर्यटक पहुंचे. वहीं केव गार्डन में 2000 से अधिक लोगों ने भ्रमण किया. वाटर फॉल भी पर्यटकों का पसंदीदा स्थान बना रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया.

मालरोड और नैनी झील के किनारे रही रौनक

शाम के समय नैनीताल का सबसे व्यस्त इलाका मालरोड और नैनी झील का किनारा रहा. पर्यटकों ने झील के आसपास घूमने, खरीदारी करने और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने का आनंद उठाया. नौकायन के लिए भी लंबी कतारें देखने को मिलीं. कई पर्यटकों को बोटिंग के लिए इंतजार करना पड़ा. झील में नावों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी ज्यादा रही. शहर की सभी पार्किंग लगभग भर गईं और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं.


स्थानीय कारोबार को मिला बड़ा फायदा

पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सीधा फायदा स्थानीय कारोबारियों को मिला है. होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट और दुकानों में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है. होटल एसोसिएशन के अनुसार शहर के 70 प्रतिशत से अधिक होटल और होमस्टे पहले से बुक हो चुके थे. वहीं नाव चालकों के लिए भी यह वीकेंड काफी लाभदायक रहा. सामान्य दिनों की तुलना में नावों के चक्कर बढ़ गए और पूरे दिन पर्यटकों की आवाजाही जारी रही.