देहरादून में दिवाली पर मातम! दो दिन में तीन हत्याएं, बेटे ने पिता को भी नहीं बख्शा

दीपावली के दौरान देहरादून में दो दिनों के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. राजपुर में नशे के लिए रुपये मांगने के विवाद में बेटे पर पिता की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है.

Pinterest
Km Jaya

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दीपावली का त्योहार तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गया. महज दो दिनों के भीतर शहर में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. कहीं नशे के लिए रुपये मांगने पर बेटे ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया, तो कहीं दीवार को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. 

वहीं, दोस्तों के साथ दीपावली मनाने गए 15 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. इन घटनाओं के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है.

नशे के लिए रुपये नहीं मिले तो पिता पर किया हमला

पहली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा रोड स्थित चलांग कुल्हान की है. यहां 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, नितिन नशे का आदी है और घटना से पहले वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था. भांजे ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उस पर दरांती से हमला करने की कोशिश की. हालांकि, ऋषभ किसी तरह वहां से बचकर निकल गया.


इसी दौरान मदन राणा बेटे को रोकने और बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि गुस्से में नितिन ने अपने पिता पर चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल मदन राणा को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.

दीवार के विवाद में भांजे की हत्या

दूसरी घटना रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला की है. यहां सोमवार शाम दीवार के निर्माण और उसे हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित कुमार ने 26 वर्षीय गौरव बागड़ी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.

हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, गौरव आरोपियों का भांजा था. घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं. मृतक के भाई करण कुमार की शिकायत पर रायपुर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

दोस्तों के साथ दिवाली मनाने गया था अर्श

तीसरी घटना डालनवाला थाना क्षेत्र की है. यहां 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अर्श के पिता नदीम अंसारी ने दोस्तों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है. शिकायत के अनुसार, 8 नवंबर को अर्श अपने दोस्त श्रेयस ममगाईं के बुलाने पर दीपावली मनाने नेहरू कॉलोनी स्थित उसके घर गया था. रात में पिता ने फोन करके अर्श के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि वह सुबह घर लौट आएगा. लेकिन अगले दिन परिजनों को सूचना मिली कि अर्श की मौत हो गई है और उसका शव मोर्चरी में रखा हुआ है.

पिता का आरोप है कि बेटे के शरीर पर चोट और चाकू से वार किए जाने के निशान थे. उन्होंने श्रेयस और उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर डालनवाला पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

तीन घटनाओं ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार के बीच देहरादून में हुई इन तीन घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है. पारिवारिक विवाद, नशे की लत और आपसी रंजिश ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है. अब जांच के बाद ही इन घटनाओं से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी.