60 लाख की नौकरी छोड़ी, पिता ने भी मदद से किया इनकार; जानिए कैसे IPS अफसर बने आकाश

बिहार के आकाश कुमार ने आरामदायक जिंदगी और 60 से 70 लाख रुपये के सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर UPSC का रास्ता चुना.

instagram.com/akash.kumar_ips/)
Reepu Kumari

Inspiring Journey: अच्छी नौकरी, लाखों का सालाना पैकेज और सुरक्षित भविष्य... आमतौर पर हर युवा ऐसी जिंदगी का सपना देखता है. लेकिन बिहार के आकाश कुमार ने इन सबके बीच एक अलग रास्ता चुना. मिडिल ईस्ट में 60 से 70 लाख रुपये सालाना कमाने के बावजूद उन्हें लगा कि उनका असली लक्ष्य कुछ और है. समाज के लिए जमीनी स्तर पर काम करने की इच्छा ने उन्हें अपनी नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया.

हालांकि, उनका यह फैसला परिवार के लिए आसान नहीं था. पिता ने साफ कह दिया कि वे न तो उनकी आर्थिक मदद करेंगे और न ही इस फैसले में उनका साथ देंगे. इसके बावजूद आकाश पीछे नहीं हटे. मां और बहनोई का भरोसा उनकी ताकत बना. कई असफलताओं और मुश्किल दौर से गुजरने के बाद उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर IPS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया.

पटना के छोटे से गांव से शुरू हुआ सफर

आकाश कुमार बिहार के पटना जिले के कुरथौल गांव के रहने वाले हैं. बेहतर शिक्षा के लिए छठी कक्षा में ही उन्हें धनबाद जाना पड़ा. यहां उनके जीजा शशिकांत सिंह ने पढ़ाई और करियर को लेकर मार्गदर्शन किया. आकाश ने आगे चलकर बेंगलुरु के एक संस्थान से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली से MBA की पढ़ाई पूरी की और करियर की नई शुरुआत की.


लाखों का पैकेज छोड़ समाज सेवा को चुना

MBA के बाद आकाश को मिडिल ईस्ट में 60 से 70 लाख रुपये सालाना का शानदार पैकेज मिला. आर्थिक रूप से यह एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन उनके मन में समाज के लिए कुछ करने की इच्छा बनी हुई थी. उन्हें महसूस हुआ कि केवल अच्छी कमाई करना उनका अंतिम लक्ष्य नहीं है. इसी सोच के साथ उन्होंने नौकरी छोड़ने और UPSC की कठिन परीक्षा की तैयारी करने का फैसला किया.

पिता ने साफ कहा  एक रुपया भी नहीं दूंगा

आकाश के इस फैसले से उनके पिता बिल्कुल सहमत नहीं थे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि वह UPSC की तैयारी के लिए न आर्थिक मदद करेंगे और न ही उनका समर्थन करेंगे. पिता का मानना था कि नौकरी से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल जमीन खरीदने जैसे काम में किया जा सकता था. हालांकि, मां और बहनोई शशिकांत सिंह ने उनका हौसला बनाए रखा.

असफलताओं ने तोड़ा नहीं, बल्कि मजबूत बनाया

UPSC की तैयारी के दौरान आकाश को कई बार निराशा मिली. पहले प्रयास में वह इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम सफलता नहीं मिली. एक अन्य प्रयास में प्रीलिम्स में केवल 0.8 अंकों से चूक गए. 2022 में दो इंटरव्यू में असफलता का सामना भी करना पड़ा. हालांकि, उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी कमियों पर काम किया और तैयारी जारी रखी.

पहले IFS बने, फिर IPS तक पहुंचा सफर

लगातार मेहनत का परिणाम 2023 में मिला, जब आकाश का चयन भारतीय वन सेवा (IFS) में हुआ. लेकिन उनका लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ था. उन्होंने आगे भी तैयारी जारी रखी और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन हासिल किया. अपनी तैयारी के दौरान उन्होंने कोचिंग के बजाय करंट अफेयर्स, एथिक्स और आंसर राइटिंग पर विशेष ध्यान दिया. वह अपनी सफलता में पत्नी के सहयोग को भी अहम मानते हैं, जो IPS ट्रेनिंग के दौरान पटना से हैदराबाद आकर हर सप्ताह उनका हौसला बढ़ाती थीं.