इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन माफी नहीं मांगूंगा: दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल के सख्त तेवर

दलेर मेहंदी से कहासुनी के बाद उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांगने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि आत्मसम्मान के लिए मंत्री पद छोड़ सकते हैं.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल और पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच हुआ विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. टिहरी के मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में हुई कहासुनी के बाद बॉलीवुड की कई हस्तियों ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से मामले को सुलझाने की कोशिशों के बावजूद सुबोध उनियाल अपने रुख पर कायम हैं. उन्होंने साफ कहा है कि वह मंत्री पद से इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन माफी नहीं मांगेंगे.

आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे सुबोध उनियाल

एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि उनके लिए जीवन में आत्मसम्मान सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है. वह अपने पद को छोड़ सकते हैं, लेकिन इस मामले में माफी नहीं मांगेंगे.

मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी की शारीरिक स्थिति देखकर उन्हें लगा था कि गायक नशे में हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इतने बड़े कलाकार का मेडिकल टेस्ट नहीं करा सकते थे. बाद में उन्हें पता चला कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी. इस पर उनका कहना था कि अगर गायक की तबीयत खराब थी, तो आयोजकों को पहले इसकी जानकारी देनी चाहिए थी या उन्हें मंच पर नहीं आना चाहिए था.


35 लाख रुपये के भुगतान का दिया हवाला

सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम के आयोजन पर हुए खर्च का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, दलेर मेहंदी को कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे और उनके ठहरने के लिए महंगे होटल की व्यवस्था की गई थी.

मंत्री का आरोप है कि इसके बावजूद करीब 45 मिनट तक गायक की प्रस्तुति संतोषजनक नहीं रही. उन्होंने कहा कि जनता के प्रतिनिधि होने के नाते उनका हस्तक्षेप करना स्वाभाविक था. कलाकारों को सम्मान देना जरूरी है, लेकिन उन्हें भी अपनी मर्यादा और सम्मान का ध्यान रखना चाहिए.

18 अक्टूबर को मंच पर हुई थी कहासुनी

यह पूरा मामला 18 अक्टूबर की रात मां कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या का है. कार्यक्रम में दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे. इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी. यह देखकर दर्शकों के बीच मौजूद मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए और माइक संभाल लिया.

मंत्री ने गायक से कहा कि उन्हें लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया है, लेकिन उनसे ठीक से बोला भी नहीं जा रहा है. ऐसे में वह गाना कैसे गाएंगे? उन्होंने दलेर मेहंदी से अपने नाम और प्रतिष्ठा का ध्यान रखने को भी कहा.

इसके जवाब में दलेर मेहंदी ने मंत्री से पंडाल में बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान के साथ आमंत्रित किया गया है और वे अपनी तरफ से बेहतरीन प्रस्तुति दे रहे हैं.

मीका सिंह और कपिल शर्मा ने जताई नाराजगी

मंच पर हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संगीत और फिल्म जगत से प्रतिक्रियाएं आने लगीं. गायक मीका सिंह और कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई हस्तियों ने दलेर मेहंदी के साथ मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई.

सीएम धामी ने की विवाद सुलझाने की कोशिश

विवाद बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हस्तक्षेप किया. उन्होंने मीका सिंह और दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की और गलतफहमी को बातचीत के जरिए दूर करने का भरोसा दिया. हालांकि, सुबोध उनियाल के ताजा बयान से साफ है कि फिलहाल यह विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है.