menu-icon
India Daily

उत्तराखंडी टोपी पहन शिवराज सिंह ने की धान रोपाई, किसानों को दिया टेक्नोलॉजी का मंत्र

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऊधम सिंह नगर दौरे के दौरान किसानों से संवाद किया. उन्होंने आधुनिक खेती, मृदा जांच, फसल बीमा और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कई नई योजनाओं की जानकारी दी.

KanhaiyaaZee
उत्तराखंडी टोपी पहन शिवराज सिंह ने की धान रोपाई, किसानों को दिया टेक्नोलॉजी का मंत्र
Courtesy: X/@ANI

देहरादून: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर पहुंचे. पंतनगर में उन्होंने किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों से मुलाकात कर कृषि क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया. कृषि अनुसंधान, जैविक खेती और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उनके दौरे के केंद्र में रहे.

पंतनगर पहुंचने पर शिवराज सिंह चौहान ने धान रोपाई कार्यक्रम में भाग लिया और किसानों के साथ खेत में समय बिताया. उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक शोध खेती की तस्वीर बदल सकते हैं. कृषि वैज्ञानिकों से उन्होंने ऐसे शोध को बढ़ावा देने का आग्रह किया, जिससे किसानों को सीधे लाभ मिल सके.

हरित क्रांति में विश्वविद्यालय की भूमिका

गांधी हॉल में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को सराहा. उन्होंने कहा कि देश की हरित क्रांति में इस संस्थान का योगदान ऐतिहासिक रहा है. यहां विकसित उन्नत बीज और तकनीक आज भी किसानों की उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील

रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि अत्यधिक रासायनिक उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है. संतुलित और वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों का उपयोग करते हुए प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाना समय की आवश्यकता है.

मृदा जांच और नई तकनीक पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने किसानों को नियमित मृदा परीक्षण कराने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि जल्द ही एक नया मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा, जिससे किसानों को मिट्टी, फसल और कृषि प्रबंधन से जुड़ी जरूरी जानकारियां एक ही मंच पर मिल सकेंगी. उन्होंने फसल बीमा को भी किसानों के लिए सुरक्षा कवच बताया.

उत्तराखंड के लिए नई कृषि परियोजनाएं

दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में बागवानी क्षेत्र को मजबूत बनाने की योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि 100 करोड़ रुपये की क्लीन प्लांट परियोजना स्थापित की जाएगी. साथ ही अल्मोड़ा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और कीवी उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष पहल शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कृषि क्षेत्र में केंद्र और राज्य के समन्वय को किसानों के लिए लाभकारी बताया.