menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में बारिश का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा, कल चार जिलों में स्कूल बंद, इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते बागेश्वर डीएम ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद हैं और कई सड़कें अवरुद्ध हैं. ऐसे में जिला प्रशासन ने लोगों को नदियों के किनारे न जाने की सलाह दी है.

mayank
Edited By: Mayank Tiwari
उत्तराखंड में बारिश का कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा, कल चार जिलों में स्कूल बंद, इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
Courtesy: X

उत्तरकाशी में भारी बारिश के अलर्ट के बीच बागेश्वर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है.  30 अगस्त 2025 (शनिवार) को जिलेभर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, गैर-शासकीय और प्राइवेट स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे. यह कदम मौसम विभाग की चेतावनी और जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है. मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ गया है. जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह आदेश जारी किया. जिला मजिस्ट्रेट ने कहा, "भारी वर्षा के मद्देनजर कल दिनांक 30 अगस्त (शनिवार) को बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय / गैर शासकीय एवं प्राइवेट स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केन्द्र बन्द रहेंगे."

जनता से सावधानी बरतने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से घरों में रहने और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने का अनुरोध किया गया है. आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, और बचाव टीमें अलर्ट पर हैं. 

लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग में स्कूलों में की गई छुट्टी

रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश की चेतावनी के चलते जिलाधिकारी ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार (30 अगस्त) को छुट्टी घोषित कर दी है. दरअसल, भारी वर्षा के चलते रुद्रप्रयाग जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय / गैर शासकीय एवं प्राइवेट स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केन्द्र बन्द रहेंगे. मौसम विभाग ने भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई है जिसके चलते यह फैसला लिया गया है.

उत्तरकाशी में शनिवार को सभी स्कूल रहेंगे बंद

मौसम पूर्वानुमान के मद्देनजर, उत्तरकाशी के डीएम ने आदेश जारी कर 30 अगस्त को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया है. बता दें कि, मौसम विभाग ने उत्तरकाशी में 29 अगस्त के अलावा 30 और 31 अगस्त को भी जिले में कहीं-कहीं भारी से भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

कल उधम सिंह नगर में भारी बारिश के पूर्वानुमान की वजह से स्कूल बंद 

मौसम विभाग ने बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए उधम सिंह नगर जिले के तहत आने वाले नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई गई है. ऐसे में जिलाधिकारी ने 30 अगस्त को सभी 1 से 12वीं तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने की घोषणा की है.

जानिए किन जिलों में बाढ़ का पूर्वानुमान

दरअसल, उत्तराखंड आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से सूबे के अल्मोड़ा, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को एक पत्र जारी किया है. इस पत्र के मुताबिक इन जिलों में अगले 24 घंटे में कम से कम मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरे का पूर्वानुमान के तहत सावधानी बरतने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं.