देहरादून में आज निकलेगा चेहलुम जुलूस, घर से निकलने से पहले जरूर देखें नया ट्रैफिक प्लान; कई मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

देहरादून में आज चेहलुम जुलूस के चलते दोपहर दो बजे से कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. पुलिस ने विभिन्न चौराहों पर वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं और लोगों से यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने की अपील की है.

Chatgpt (Representative image)
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को चेहलुम के जुलूस के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर ले लें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके.

पुलिस के अनुसार चेहलुम का जुलूस मंगलवार दोपहर दो बजे करनपुर से शुरू होगा. जुलूस जिन मार्गों से होकर गुजरेगा, वहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चरणबद्ध तरीके से रूट डायवर्ट किया जाएगा.

क्या है नया ट्रैफिक प्लान?

ट्रैफिक व्यवस्था के तहत यूकेलिप्टिस चौक से सर्वे चौक और बेनी बाजार चौक की ओर आने वाले वाहनों को घंटाघर की ओर भेजा जाएगा. वहीं आराघर चौक और क्रॉस रोड से भी यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा.


कहां-कहां हुआ डायवर्ट?

सर्वे चौक से लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा. कनक चौक से रोजगार तिराहा जाने वाले वाहनों को पैसिफिक तिराहे से सुभाष रोड होते हुए बेनी बाजार की ओर भेजा जाएगा.

जुलूस के लैंसडाउन चौक पहुंचने से पहले बुद्धा चौक और दर्शनलाल चौक से किसी भी वाहन को लैंसडाउन चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी. इसी प्रकार जुलूस के लैंसडाउन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर बढ़ने से पहले तहसील चौक से आने वाले वाहनों को दून चौक की ओर मोड़ दिया जाएगा.

सार्वजनिक परिवहन में क्या हुआ बदलाव?

सार्वजनिक परिवहन में भी बदलाव किया गया है. तीन नंबर विक्रम को रेसकोर्स चौक से वापस रेसकोर्स पीएनबी तिराहे और आराघर टी जंक्शन की ओर भेजा जाएगा. पांच और आठ नंबर के विक्रम रेलवे गेट से वापस किए जाएंगे. दो नंबर के विक्रम, सिटी बस और अन्य वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से ही वापस भेजा जाएगा.

इसके अलावा घंटाघर से दर्शनलाल चौक की ओर आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं बुद्धा चौक से किसी भी वाहन को दर्शनलाल चौक की ओर नहीं जाने दिया जाएगा.

पुलिस ने नागरिकों से क्या की अपील?

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर जाने से बचें. इससे जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी.