रुड़की के ढंडेरा में 22 वर्षीय अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के आरोपियों ने शुक्रवार रात पहले अमन को रास्ते में घेरा और फायरिंग की. बाद में उसे महाराणा प्रताप कॉलेज के पास घेरकर मार दिया गया. मामले की जांच जारी है.
शनिवार देर रात पुलिस ढंडेरा इलाके में वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस ने करीब 500 मीटर तक उनका पीछा किया और सरिता विहार कॉलोनी में ट्यूबवेल के पास उन्हें घेर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई. इस दौरान सौरभ ताजपुरिया के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी मौके से भाग निकले. घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरी पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के जंगल और इलाके में कांबिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने करीब तीन घंटे तक तलाश अभियान चलाने के बाद दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीप यादव निवासी लंढौरा और अर्पित सैनी निवासी ठसका के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, तीनों का नाम अमन हत्याकांड में सामने आया है. उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है. एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की योजना बनाने की बात स्वीकार की है. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और उनके ठिकानों की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस के अनुसार, अमन ढंडेरा में शराब की कैंटीन चलाता था और उसका सौरभ ताजपुरिया की शादीशुदा बहन से मेलजोल था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. शुक्रवार रात कैंटीन में भी अमन और सौरभ के बीच कहासुनी हुई थी. बाद में अमन अपने दोस्त प्रशांत के साथ घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में घेरकर गोली चला दी. प्रशांत भी छर्रे लगने से घायल हुआ. अमन भागकर बंद गली तक पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे घेर लिया. पुलिस का कहना है कि होटल में शराब पीने के दौरान हत्या की योजना बनाई गई थी.