उत्तराखंड में बारिश से बिगड़े हालात, चमोली में 10 मार्ग बंद; कई जिलों में लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. चमोली में भूस्खलन के चलते 10 ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं.
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. चमोली में भूस्खलन के चलते 10 ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं. देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी है, जबकि पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और चमोली में नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है.
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच चमोली जिले में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले 10 संपर्क मार्ग पूरी तरह बाधित हो गए हैं. सड़कों के बंद होने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है.
देहरादून और टिहरी में तेज बारिश की संभावना
राजधानी देहरादून में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई दौर में तेज बारिश होने की संभावना है. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है. विकासनगर, ऋषिकेश और डोईवाला जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए संबंधित व्यवस्थाओं को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं. टिहरी गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक तेज बहाव आने का खतरा देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Also Read
नैनीताल और बागेश्वर में बिजली गिरने का खतरा
कुमाऊं क्षेत्र में भी मौसम ने करवट ली है. नैनीताल, भीमताल और भवाली समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. बागेश्वर में सरयू और गोमती नदियों के जलस्तर पर प्रशासन नजर बनाए हुए है. संवेदनशील ढलानों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बढ़ जाता है.
पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है. रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी के किनारे बसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. बदरीनाथ और केदारनाथ मार्ग पर आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही आगे बढ़ने की अपील की गई है. पिथौरागढ़ के धारचूला और मुनस्यारी में बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर जोखिम बढ़ गया है.