नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. एक जुलाई 2026 से पूरे जिले में "नो हेलमेट-नो पेट्रोल" नियम लागू कर दिया गया है. अब कोई भी दोपहिया वाहन चालक अगर बिना हेलमेट के पेट्रोल पंप पर पहुंचेगा तो उसे पेट्रोल नहीं दिया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है.
यह फैसला जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर लागू किया गया है. संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे की ओर से जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी किए जाने के बाद जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है. सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट आए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दें.
नियम को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' के सूचना बोर्ड लगाए गए हैं. इसके साथ ही परिवहन विभाग और जिला प्रशासन लगातार इस व्यवस्था की निगरानी भी कर रहे हैं ताकि नियम का सही तरीके से पालन हो सके.
प्रशासन ने नैनीताल जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी सूचना बोर्ड लगाए हैं. इन बोर्डों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े नियमों के साथ अन्य जरूरी निर्देश भी दिए गए हैं. इसका उद्देश्य जिले में आने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों को पहले से नियमों की जानकारी देना है ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के समय में जिले में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जांच के दौरान यह सामने आया कि अधिकतर मामलों में वाहन चालक या पीछे बैठा व्यक्ति हेलमेट नहीं पहने हुए था. इसी वजह से प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है.
जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का मकसद किसी पर जुर्माना लगाना या कार्रवाई करना नहीं है. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करना तथा जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखना है. प्रशासन ने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं.