NEET UG Re-Exam के लिए देहरादून तैयार? अलर्ट मोड पर प्रशासन, सभी सेंटरों पर सख्त पहरा

नीट यूजी पुनः परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. 21 जून को होने वाली इस परीक्षा के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.

Pinterest
Reepu Kumari

नीट यूजी की पुनः परीक्षा को लेकर देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. 21 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े इस एग्जाम में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता न हो, इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. छात्र और अभिभावक इस बार उम्मीद भरी नजरों से परीक्षा की ओर देख रहे हैं. 

परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी

पुलिस टीमें प्रतिदिन सभी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर रही हैं. सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, प्रवेश-निकास व्यवस्था, बैठने की योजना और कंट्रोल रूम की पूरी जांच की जा रही है. किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के लिए केंद्र प्रबंधन के साथ समन्वय किया जा रहा है. 

आसपास के होटल-ढाबों पर छापेमारी

परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस ने केंद्रों के आसपास होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और ढाबों की चेकिंग शुरू कर दी है. वहां ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. 


पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था

दून पुलिस का कहना है कि परीक्षा को सकुशल और निष्पक्ष रूप से पूरा कराने के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल हैं. एसएसपी के निर्देश पर सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी. 

अभ्यर्थियों के लिए राहत

पुलिस की इन सख्त तैयारियों से छात्रों और उनके अभिभावकों में भरोसा बढ़ा है. अब उम्मीद है कि 21 जून को नीट री-एग्जाम पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न होगा. जानकारी के लिए आपको बता दें कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 21 जून को आयोजित होने वाले री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. इस बीच एजेंसी ने परीक्षा शुल्क वापसी की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया है. जिन छात्रों की बैंक जानकारी में त्रुटियां रह गई थीं, उन्हें अब विवरण सुधारने और दोबारा सत्यापित करने का मौका दिया गया है.