उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम के संस्थापक नीम करोली बाबा को आज भी करोड़ों लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ याद करते हैं. बाबा का जीवन सादगी, सेवा और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. उन्होंने लोगों को बताया कि जीवन में खुशहाली और सफलता पाने के लिए बड़े बड़े उपायों की नहीं, बल्कि सही सोच और अच्छे कर्मों की जरूरत होती है. आज के Quote of The Day में जानिए नीम करोली बाबा की चार ऐसी शिक्षाएं, जो जीवन को नई दिशा दे सकती हैं.
नीम करोली बाबा हनुमान जी के परम भक्त थे. उनका मानना था कि हनुमान चालीसा केवल एक पाठ नहीं बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत है. बाबा कहते थे कि जो व्यक्ति प्रतिदिन श्रद्धा और विश्वास के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करता है, उसके जीवन की कई परेशानियां स्वतः दूर होने लगती हैं. नियमित पाठ से मन शांत रहता है और आत्मविश्वास बढ़ता है.
बाबा के अनुसार जीवन में सही दिशा पाने के लिए गुरु का होना अत्यंत आवश्यक है. गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही मार्ग भी दिखाते हैं. उनका कहना था कि जिस व्यक्ति को योग्य गुरु मिल जाए, उसे उनके बताए रास्ते पर विश्वास के साथ चलना चाहिए. गुरु का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है.
जीवन में सुख और दुख दोनों आते हैं. नीम करोली बाबा सिखाते थे कि बुरे समय में घबराने के बजाय धैर्य और विश्वास बनाए रखना चाहिए. उनका मानना था कि हर कठिन परिस्थिति अस्थायी होती है. यदि व्यक्ति ईश्वर पर भरोसा रखे और सकारात्मक सोच बनाए रखे, तो मुश्किल समय भी बीत जाता है और सफलता का नया रास्ता खुलता है.
बाबा कहते थे कि धन का महत्व केवल उसे जमा करने में नहीं, बल्कि उसके सही उपयोग में है. उनके अनुसार अपनी आय का कुछ हिस्सा जरूरतमंद लोगों की सहायता, सेवा और परोपकार में लगाना चाहिए. जो व्यक्ति दूसरों की भलाई के लिए धन खर्च करता है, उसके जीवन में सुख, संतोष और समृद्धि बनी रहती है.
नीम करोली बाबा की ये शिक्षाएं केवल आध्यात्मिक जीवन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन में भी बेहद उपयोगी हैं. भक्ति, धैर्य, गुरु का सम्मान और सेवा की भावना किसी भी व्यक्ति को बेहतर इंसान बनाने में मदद करती हैं. यदि इन बातों को जीवन में अपनाया जाए, तो व्यक्ति मानसिक शांति के साथ साथ सफलता और संतोष का भी अनुभव कर सकता है.