कोलकाता: पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को बीजेपी सरकार का पहला बजट पेश किया. इस बजट में आम लोगों, खासकर महिलाओं और युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई बड़े ऐलान किए गए हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि राज्य में 1 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी. इनमें से 33 प्रतिशत यानी करीब एक तिहाई नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी. इससे महिलाओं को नौकरी के ज्यादा मौके मिलेंगे.
सरकार ने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता यानी DA भी बढ़ाने का ऐलान किया है. इसे 20 प्रतिशत बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया गया है. यह नई दर 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगी, जिससे सरकारी कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा.
महिलाओं के लिए सरकार ने खास योजना ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत 36,000 करोड़ रुपये का बड़ा बजट रखा है. इसके अलावा, अब राज्य में महिलाओं के लिए सरकारी बसों में यात्रा पूरी तरह फ्री कर दी जाएगी. इसके लिए उन्हें एक खास 'पिंक कार्ड' दिया जाएगा. सरकार का कहना है कि उनका लक्ष्य बंगाल को फिर से मजबूत बनाना है और 'विकसित भारत' के साथ 'विकसित बंगाल' बनाना है. हालांकि, सरकार पर पहले से 8.15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज भी है, जिसे संभालते हुए ये योजनाएं लागू की जाएंगी.
सरकार ने कई अन्य बड़े ऐलान भी किए गए हैं. कल्याणी में 1000 एकड़ जमीन पर नया एयरपोर्ट बनाने की योजना है, जिससे कोलकाता एयरपोर्ट पर भीड़ कम होगी. इसके अलावा, पुरुलिया, बालुरघाट और मालदा में नए एयरपोर्ट बनेंगे और कूचबिहार एयरपोर्ट को बड़ा किया जाएगा. राज्य में 20,000 पुलिस भर्ती होगी और 50,000 टीचिंग जॉब्स भी दी जाएंगी. सिविक पुलिस, होम गार्ड और ग्रीन पुलिस के वेतन में 2000 रुपये की बढ़ोतरी होगी.
महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर सब-डिवीजन में महिला पुलिस स्टेशन और हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई जाएगी. साथ ही, 'दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड' नाम की महिला पुलिस टीम शहरों में पेट्रोलिंग करेगी. टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने के लिए 'बंगाल AI मिशन' भी शुरू किया जाएगा, जिससे डिजिटल और टेक सेक्टर में विकास होगा.