नैनीताल में वीकेंड पर पर्यटकों का सैलाब, तीन दिन में 25 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने की सैर
वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी. तीन दिनों में 25 हजार से अधिक सैलानियों ने झीलों की नगरी का रुख किया. स्नो व्यू, नैनी झील, चिड़ियाघर और कैंची धाम समेत कई पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहे.
उत्तराखंड की प्रसिद्ध सरोवर नगरी नैनीताल में वीकेंड के दौरान पर्यटकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. पिछले तीन दिनों में 25 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर करने पहुंचे. बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से पूरे शहर में पर्यटन गतिविधियां चरम पर रहीं और स्थानीय कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे. नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ शुक्रवार से बढ़नी शुरू हो गई थी. शनिवार तक शहर में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच चुके थे. शुक्रवार और शनिवार को 20 हजार से अधिक लोगों ने नैनीताल का रुख किया, जबकि रविवार को भी करीब पांच हजार पर्यटक शहर घूमने पहुंचे. पर्यटकों की लगातार आमद से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और स्थानीय व्यापार से जुड़े लोगों को अच्छा कारोबार मिला.
प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगी रही भीड़
वीकेंड के दौरान नैनीताल के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक देखने को मिली. स्नो व्यू, हिमालय दर्शन प्वाइंट, वॉटरफॉल, केव गार्डन और हाई एल्टीट्यूड चिड़ियाघर में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे. इसके अलावा नैनी झील में नौकायन करने वाले पर्यटकों की भी लंबी कतारें लगी रहीं. माल रोड पर दिनभर चहल पहल बनी रही और बाजारों में भी अच्छी खासी भीड़ दिखाई दी.
आसपास के पर्यटन स्थल भी रहे गुलजार
नैनीताल ही नहीं बल्कि आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की अच्छी मौजूदगी रही. भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, भवाली, मुक्तेश्वर और कैंची धाम में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों का लगातार आगमन बना रहा. वहीं झीलों वाले क्षेत्रों में परिवार और युवा पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते नजर आए.
Also Read
ट्रैफिक व्यवस्था में दिखा सुधार
शुक्रवार और शनिवार को भारी भीड़ के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. हालांकि रविवार को प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के चलते यातायात काफी हद तक सुचारु रहा. पर्यटकों को प्रमुख मार्गों पर पहले की तुलना में कम परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक रही.
नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अनुसार पर्यटन सीजन अपने अंतिम चरण में जरूर है, लेकिन जून के अंत तक पर्यटकों की अच्छी आमद जारी रहने की संभावना है. स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों का आकर्षण बना रहेगा, जिससे पर्यटन कारोबार को मजबूती मिलेगी.