उत्तराखंड में MSME क्षेत्र बना रोजगार का मजबूत आधार, 4.70 लाख से अधिक लोगों को मिला काम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों और निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों से उत्तराखंड में एमएसएमई क्षेत्र तेजी से मजबूत हुआ है. इसके माध्यम से अब तक 4.70 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए जा चुके हैं.
उत्तराखंड सरकार राज्य में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल उद्योगों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार करना है जहां स्थानीय युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.
सीएम धामी ने कहा कि इसी सोच के साथ सरकार निवेश को प्रोत्साहित करने और उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है. सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों का सकारात्मक असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है.
स्थानीय युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसर
राज्य में एमएसएमई क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है और इसके माध्यम से अब तक 4.70 लाख से अधिक रोजगार के अवसर तैयार किए जा चुके हैं. धामी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम बनकर उभरा है. छोटे और मध्यम उद्योगों के विस्तार से स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित हो रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं.
Also Read
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार और उद्यमिता की ओर आगे बढ़ें. इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि नए उद्यमियों को कारोबार शुरू करने में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े.
'विकसित उत्तराखंड' के लक्ष्य को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र की यह उपलब्धि केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के समग्र आर्थिक विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है. उद्योगों के विस्तार से निवेश बढ़ रहा है, स्थानीय उत्पादन को प्रोत्साहन मिल रहा है और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत हो रही हैं.
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की निरंतर प्रयासों और उद्योग अनुकूल नीतियों के बल पर आने वाले समय में उत्तराखंड का एमएसएमई क्षेत्र और अधिक सशक्त होगा. इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि विकसित उत्तराखंड के संकल्प को भी नई गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर, औद्योगिक रूप से सक्षम और रोजगार संपन्न बनाने के अपने लक्ष्य पर लगातार काम करती रहेगी.