उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट! पहाड़ों में समय से पहले पहुंचेगा मानसून, इन जिलों में अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है जबकि मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने इस बार मानसून के समय से पहले आने की संभावना जताई है.
उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का अलग अलग असर देखने को मिल रहा है. पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुखा हुआ है जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है. मौसम विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य समय से पहले उत्तराखंड पहुंच सकता है. आमतौर पर मानसून 20 जून के आसपास आता, लेकिन इस बार इसके कुछ दिन पहले पहुंचने की संभावना जताई गई है. रिपोर्ट के अनुसार मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने का अनुमान है. केरल से उत्तराखंड तक मानसून पहुंचने में करीब 20 दिन का समय लगता है. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार मानसून चार दिन पहले ही दस्तक दे सकता है.
मानसून ने पकड़नी रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई तक दक्षिण पश्चिम मानसून ने दक्षिण पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान निकोबार के कई हिस्सों तक पहुंच बना ली है. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि मानसून धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. इसके साथ ही बात दें की देहरादून समेत कई पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा 4500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है.
कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है. इसके अलावा जहां पहाड़ों में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है.
इसके साथ ही बताते चले कि देहरादून में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री दर्ज किया गया. ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. वहीं मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पहाड़ी इलाकों में तापमान दूसरे इलाकों के मुताबिक कम बना हुआ है.